जाखन नदी में वाहनों की आवाजाही शुरू करने के लिए पीडब्ल्यूडी ऋषिकेश ने वैकल्पिक मार्ग (काजवे) बनाने का काम शुरू कर दिया है। मंगलवार को सुबह से ही पीडब्ल्यूडी के डंपर और जेसीबी से वैकल्पिक मार्ग के लिए मिट्टी भरान करने और नदी की सतह को समतल करने का काम होता रहा।
पीडब्ल्यूडी ऋषिकेश के सहायक अभियंता राकेश चंद्रा ने बताया कि जाखन नदी में रानीपोखरी के पुराने मोटरपुल के पास वाहनों की आवाजाही शुरु करने के लिए वैकल्पिक बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। पेट्रोल पंप के पास से नदी की ओर से आने के लिए रैंप बनाया जा रहा है।
नदी के बीच में कुछ ऊंचाई पर वैकल्पिक मार्ग बनाया जा रहा है। नदी की पानी को निकालने के लिए वैकल्पिक मार्ग के बीच-बीच में ह्यूम पाइप लगाए जाएंगे। जिससे नदी का पानी इन पाइपों से बाहर आ सके। यह वैकल्पिक मार्ग 550 मीटर लंबार होगा।
वन विभाग ने 162 पेड़ों पर लगाए निशान
रानीपोखरी में जाखन नदी में वाहनों के आवागमन के लिए बनाए जा रही एप्रोच रोड के निर्माण के लिए देहरादून वन विभाग के थानो रेंज की ओर से जाखन नदी के पास जौलीग्रांट एयरपोर्ट की साइड करीब 162 पेड़ों पर निशान लगाए गए हैं। रेंजर एनएल डोभाल ने बताया कि रिपोर्ट बनाकर डीएफओ देहरादून को भेज दी गई है। डीएफओ कार्यालय से अनुमति मिलने के बाद वन विभाग निगम की ओर से पेड़ों का कटान किया जाएगा। पेड़ों पर निशान लगाने के दौरान लोक निर्माण विभाग ऋषिकेश के अधिकारी, वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद थे।