एसटीएफ और पुलिस ने नौ साल पहले रेडिसन होटल के जीएम के अपहरण और लूट के आरोपी बदमाश गुरमीत सिंह को केशवनगर (सितारगंज) के वार्ड नंबर छह से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम था।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि मूल रूप से मेरठ और हाल निवासी ग्राम बिडौरा थाना नानकमता गुरमीत सिंह कुमाऊं में बड़ी लूट को अंजाम देने के फिराक में है। इस पर एक टीम मेरठ भेजी गई थी। वहां से टीम को पता चला कि बदमाश कुछ दिन पूर्व ही एक गैंग बनाकर यूएस नगर चला गया है। इसके बाद एसटीएफ के कुमाऊं प्रभारी निरीक्षक एमपी सिंह और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई और आरोपी को सितारगंज से पकड़ लिया गया।
2011 में होटल रेडिसन के जीएम को कार सहित कर लिया था अगवा
निरीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि अप्रैल 2011 में गुरमीत सिंह और उसके दो साथियों ने रुद्रपुर की सुपर मार्केट के सामने से हथियारों के बल पर होटल रेडिसन के जीएम अरविंद शिनॉय को उनकी होंडा सिटी कार सहित अगवा कर लिया था। जीएम से उनके दोनों मोबाइल फोन और 50 हजार रुपये लूटने के बाद बदमाशों ने उन्हें गन्ने के खेत में फेंक दिया था, जबकि उनकी कार लेकर बदमाश फरार हो गए थे।
जीएम की कार को लेकर नेपाल भाग गया था गुरमीत सिंह
वारदात में लिप्त दो आरोपियों को पुलिस ने कुछ दिनों बाद असलहा और लूटे हुए माल के साथ गिरफ्तार कर लिया था लेकिन गुरमीत सिंह लूटी हुई कार के साथ नेपाल भाग गया था। वह पिछले नौ वर्ष से फरार था। गुरमीत के खिलाफ थाना नानकमत्ता में एनडीपीएस एक्ट और नेपाल में भी मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी नेपाल जेल में बंद रहा था। वह मेरठ से किसी वारदात को अंजाम देने के लिए सितारगंज में फर्जी आईडी बनाकर भी रहा था।
आरोपी को पकड़ने वाली टीम में ये रहे शामिल
आरोपी को पकड़ने वाली टीम में एसटीएफ के एसआई बृजभूषण गुरुरानी, सिडकुल चौकी इंचार्ज अनिल उपाध्याय, हेड कांस्टेबल बाबू खां, प्रमोद रौतेला, गुरवंत सिंह, किशोर कुमार, महेंद्र गिरी, हरीश सिंह, किशोर फर्त्याल मौजूद रहे।
सतपाल नाम की फर्जी आईडी से रह रहा था गुरमीत
बदमाश गुरमीत ने पहचान छिपाने के लिए सतपाल नाम से फर्जी आधार कार्ड बनाया था। इस आधार कार्ड से उसने फर्जी सिम भी ले रखा था। आरोपी ने नेपाली मूल की युवती से शादी कर रखी थी और सितारगंज में उसी के साथ रह रहा था। वह वारदात करने के बाद छिपने के लिए नेपाल भाग जाता था। सितारगंज में भी वह किसी राजमिस्त्री के साथ मजदूरी कर रहा था।