उत्तराखंड में लोक निर्माण विभाग के एक असिस्टेंट इंजीनियर (एई) अजीत सिंह और एक जूनियर इंजीनियर (जेई) अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दुगड्डा प्रांतीय खंड में तैनात दोनों इंजीनियरों पर सड़क का घटिया निर्माण करने का आरोप है।
इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने मामले का संज्ञान लेते हुए सचिव लोनिवि आरके सुधांशु को कार्रवाई के आदेश दिए। उनके निर्देश पर दोनों इंजीनियरों के खिलाफ जांच बैठा दी गई है।
क्षेत्रीय विधायक दिलीप रावत ने बताया कि लोनिवि की ओर से रथुवाढाब से करीब सात किमी पहले मलैखांद बैंड पर दो किमी सड़क का वार्षिक अनुरक्षण के तहत डामरीकरण किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में लोनिवि के दुगड्डा प्रांतीय खंड के तहत लक्ष्मणझूला-कांडी-दुगड्डा-रथुवाढाब-धुमाकोट मोटर मार्ग के एक हिस्से में घटिया निर्माण की जानकारी दी गई थी। यह वीडियो मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया।
मुख्यमंत्री ने सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मामले में दोनों इंजीनियरों को निलंबित कर उनके खिलाफ जांच बैठा दी गई गई है। प्रमुख सचिव लोनिवि आरके सुधांशु ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए हैं।
भ्रष्टाचार और लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार स्वच्छ, पारदर्शी व ईमानदार प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध है। जिस स्तर पर भी कमी पाई जाएगी, वहां सख्त से सख्त एक्शन लिया जाएगा।
-तीरथ सिंह रावत, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड