बारिश से गिरा पारा, उमस से मिली राहत
सोमवार शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। इसका सीधा असर मैदानी इलाकों के तापमान में देखने को मिला। देहरादून की बात करें तो यहां दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री गिरावट के साथ 22.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले सामान्य तापमान में दो से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी देखने को मिल रही थी। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री के साथ सामान्य रहा। पर्वतीय इलाकों में यह अंतर ज्यादा देखने को मिला। जबकि मैदानी इलाकों में पारा गिरने से गर्मी और उमस से राहत मिली।
उत्तराखंड में 111 मार्ग बंद
राज्य में भूस्खलन समेत अन्य कारणों तीन एनएच व छह राज्यमार्ग समेत 111 मार्ग बंद हैं। इनमें सबसे अधिक ग्रामीण मार्ग 76 बंद हैं। सबसे अधिक देहरादून जिला प्रभावित है, यहां पर एक एनएच और पांच एसएच समेत 27 सड़कें बंद हैं। अल्मोड़ा में दो, बागेश्वर में आठ, चमोली में 12 मार्ग बंद हैं। नैनीताल में एक मुख्य जिला मार्ग समेत सात मार्ग बंद हैं। पौड़ी में छह और सीमांत जिला पिथौरागढ़ में एनएच, एक बार्डर रोड समेत 16 सड़कें बंद हैं। रुद्रप्रयाग में पांच, टिहरी में 17 और उत्तरकाशी में 11 सड़कें बंद हैं।
खतरे के स्तर के पास पहुंचा नदियों का जल स्तर
बारिश के चलते नदियों का जल स्तर भी बढ़ा है। रुद्रप्रयाग में मंदाकिनी और अलकनंदा नदी का जल स्तर खतरे के जल स्तर के बेहद करीब पहुंच गया। चमोली में पिंडर नदी का खतरे के स्तर चार मीटर कम रह गया है। पिथौरागढ़ में काली, गोरी और सरयू नदी का जल स्तर भी खतरे के जल स्तर के पास पहुंच गया।