एक बार फिर 17 से 19 सितंबर के बीच देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन होने जा रहा है। इस आयोजन में देश का सबसे प्रतिष्ठित मीडिया समूह अमर उजाला पार्टनर की भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम के संबंध में फिल्म फेस्टिवल के डायरेक्टर राजेश शर्मा ने कहा कि यह डीआईएफएफ का छठा सीजन है। इससे पहले के डीआईएफएफ के सभी आयोजनों को उत्तराखंड के लोगों ने बहुत प्यार दिया है।
छठवें देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (डीआईएफएफ) का आयोजन 17 से 19 सितंबर को राजपुर रोड स्थित सिलवर सिटी मल्टीप्लेक्स में होगा। हर साल की भांति इस बार भी कई शॉर्ट फिल्म, डाक्युमेंटी आदि दिखाई जाएंगी। इस आयोजन में अमर उजाला मीडिया पार्टनर है।
विज्ञापन
राज्य का सबसे बड़ा आयोजन बन गया फिल्म फेस्टिवल
यह जानकारी देहरादून इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के डायरेक्टर राजेश शर्मा ने बताया कि यह डीआईएफएफ का छठा सीजन है। इससे पहले के डीआईएफएफ के सभी आयोजनों को उत्तराखंड के लोगों ने बहुत प्यार दिया है। जिससे यह राज्य का सबसे बड़ा आयोजन बन गया है।
जहां कई फिल्मी सितारे आते हैं और तीन दिन तक स्थानीय फिल्म इंडस्ट्री से जुडे़ लोगों के बीच रहकर उनसे अनुभव साझा करते हैं। राजेश शर्मा ने कहा कि डीआईएफएफ हर वर्ष स्थानीय लोगों को मौका देता है कि वे यहां आए एक्टर्स और डायरेक्टर्स से कुछ सीखें। साथ ही यहां की इंडस्ट्री को मुंबई में प्रमोट करें। राजेश ने कहा कि उनको बताते हुए बहुत खुशी होती है कि यहां के इस फिल्म फेस्टिवल से जुड़े लोगों को मुंबई में काम करने का मौका मिल रहा है। उनका यह मंच यहां के लोगों को प्रमोट करने के काम आया है।
विज्ञापन
कोविड के सभी नियमों को ध्यान में रखते हुए सभी आयोजन किए जाएंगे
राजेश शर्मा ने कहा कि कोविड के चलते पिछले साल आयोजन नहीं हो पा रहा था, लेकिन इस बार जबकि हालात कुछ बेहतर हैं और फिल्मी हस्तियां भी अब आयोजनों में जाने लगी हैं। हाल ही में अक्षय कुमार ने अपनी फिल्म बेलबॉटम की रिलीज से सभी को प्रोत्साहित किया है कि काम चलते रहना चाहिए। इसे देखते हुए यह फैसला लिया गया कि इस बार डीआईएफएफ के सिलसिले को आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि कोविड के सभी नियमों को ध्यान में रखते हुए सभी आयोजन किए जाएंगे। इसी के साथ यहां की संस्कृति को जानने का मौका भी फिल्मी सितारों को मिले। इसके लिए हर वर्ष की भांति इस बार भी आंगन बाजार प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय महिलाओं के टैलेंट की झलक होगी। जो भी उत्पाद वे बनाती हैं उनको प्रमोट किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार कई फिल्मी सितारे इस फेस्टिवल में आएंगे। जैसे केसी बोकडिया, आरुषि निशंक, मीता वशिष्ठ, विक्टर बनर्जी, गजेंद्र सिंह चौहान, मनजोत सिंह, अखिलेंद्र मिश्रा, विनय पाठक, परमज्योत सिंह सहित कई फिल्मी सितारे जुडे़ंगे।