फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand News : भगत को न तो मैं माफ करूंगी और न ही कार्यकर्ता - नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश

Fri, 08 Jan 2021 10:27 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, काशीपुर
विज्ञापन
नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश - फोटो : ANI file photo
विज्ञापन

नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत की ओर से उनके प्रति की गई अशिष्ट व अमर्यादित भाषा के लिए न तो खुद वह और न ही कांग्रेस उन्हें माफ करेगी। 

विज्ञापन

नवचेतना भवन में कांग्रेस के कार्यक्रम में शिरकत करने आईं नेता प्रतिपक्ष डॉ. हृदयेश ने कहा कि वह पिछले 40 वर्षों से यूपी और उत्तराखंड में विधायिका का हिस्सा रही हैं।

यूपी सरकार में सीएम रहे हेमवती नंदन बहुगुणा के जमाने से ही वह राजनीति में हैं। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से उनके मधुर संबंध रहे हैं। उन्होंने हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी दलों के नेताओं को सम्मान दिया है। ऐसे में स्वाभाविक रूप से दूसरे दलों के विधायक भी उनके संपर्क में रहते हैं।
विज्ञापन


काबीना मंत्री रहते खुद उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भगत के घर की ओर जाने वाली सड़क बनवाई। इसके बावजूद भगत ने उनके प्रति बेहद अशिष्ट भाषा का प्रयोग किया। उनका यह कृत्य माफी के लायक नहीं है। 

डॉ. हृदयेश ने कहा कि इस मसले पर उन्हें अभी तक सीएम त्रिवेंद्र रावत का फोन तो नहीं आया है। हालांकि सीएम का व्यवहार सभी के प्रति अच्छा रहता है। बीच-बीच में वह फोनकर उनका हालचाल लेते रहते हैं।

उन्होंने फिर दावा किया कि भाजपा के कई नाराज विधायक उनके संपर्क में हैं लेकिन उन्हें पार्टी में शामिल करने या न करने का अधिकार पार्टी हाईकमान का है। आगामी चुनाव में सीएम पद की दावेदारी पर इंदिरा ने कहा कि पार्टी का बहुमत आने के बाद ही इस सवाल का कोई औचित्य है। 

चर्चा में रहा पूर्व सीएम हरदा का बैठक में शामिल न होना

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव के काशीपुर आगमन पर जहां कांग्रेस की तमाम दिग्गज हस्तियां मौजूद रहीं। वहीं पूर्व सीएम हरीश रावत की अनुपस्थिति को लेकर चर्चाएं होती रहीं। नेताओं के काशीपुर से चले जाने के बाद पूर्व सीएम हरदा यहां पहुंचे। उनके देरी से पहुंचने को पार्टी में गुटबाजी के तौर पर देखा गया।

पूर्व सीएम हरीश रावत करीब ढाई बजे काशीपुर पहुंचे थे। इस दौरान वह कुछ कार्यकर्ताओं से भी मिले। उनका कहना था कि देरी के कारण वह काशीपुर की बैठक में भाग नहीं ले पाए। महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल ने बताया कि पार्टी स्तर पर पूर्व सीएम को कार्यक्रम की सूचना दी गई थी।
उनका कार्यक्रम भी उन्हें प्राप्त हो गया था। संभवत: देरी के कारण ही वह कार्यकर्ताओं की बैठक में नहीं आ सके। रुद्रपुर व हल्द्वानी के कार्यक्रमों में हरदा ने शिरकत की है।
 

Trending Videos
विज्ञापन

चुनावी महाभारत में भाजपा कौरव पक्ष : हरीश रावत

एआईसीसी के महासचिव व उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा को कौरव पक्ष मिसाल दी। उन्होंने सियासी दलों के लोगों का आह्वान किया कि भाजपा के विरोध की सोच वाले लोगों को कांग्रेस के साथ आना चाहिए।

बृहस्पतिवार को हरीश रावत हल्द्वानी में थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया को यह बयान दिया। प्रदेश में आम आदमी पार्टी की बढ़ती सक्रियता और अन्य क्षेत्रीय दलों की जोर पकड़ रही सियासी गतिविधियों के बीच उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव को महाभारत की मिसाल दी।

उन्होंने कहा कि चुनावी महाभारत में एक सेना इस तरफ है और दूसरी सेना उस तरफ। इस महाभारत में कौरव पक्ष भाजपा के रूप में है और पांडव पक्ष कांग्रेस के रूप में है। उन्होंने भाजपा विरोधी विचार वाले लोगों का कांग्रेस के साथ आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महाभारत के बारे में भी सबको मालूम है कि शुरुआत में दो तीन दिन कौरव जीतते रहे थे। लेकिन अंत में सत्य की जीत हुई।

भाजपा मीडिया प्रभारी का पूर्व मुख्यमंत्री पर पलटवार

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि महाभारत तो कांग्रेस में हुआ था, जिसे पूरे देश ने देखा। तब तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत अव्यवस्थित और बेहाल उत्तराखंड की दुर्दशा को आंख बंद कर देखते रहे। भाजपा मीडिया प्रभारी की यह प्रतिक्रिया पूर्व मुख्यमंत्री के उस बयान पर आई, जिसमें उन्होंने भाजपा को कौरवों की मिसाल दी है।

चौहान ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत 2017 के फ्लॉप योद्धा रहे और एक बार फिर दिवास्वप्न देख रहे हैं। हरीश रावत आज भाजपा के खिलाफ सभी दलों को कांग्रेस में आकर लड़ने की प्रेरणा दे रहे हैं। लेकिन डूबते जहाज से सब दूर हो रहे हैं।

बंशीधर भगत के आवास पर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के आवास पर जाकर प्रदर्शन किया। 

संगठन के प्रदेश महासचिव विकास नेगी ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत द्वारा माफी तो मांग ली गई है, लेकिन उनकी सोच और मानसिकता को नहीं बदला जा सकता। भाजपा वैसे तो महिलाओं के उत्थान, महिला सशक्तीकरण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी कई बड़ी-बड़ी बात करती है, जबकि इन सब के विपरीत उनके प्रदेश के अध्यक्ष एक बुजुर्ग महिला के लिए अभद्र टिप्पणी करते हैं।

एनएसयूआई ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से बंशीधर भगत को निष्कासित करने की मांग की। चेतावनी दी कि अगर जल्द कोई कार्रवाई नहीं की गई तो एनएसयूआई उग्र आंदोलन करेगी। इस अवसर पर प्रदेश सचिव अभय कैंतुरा, अंजलि चमोली, काजल नेगी, प्रकाश नेगी, उज्ज्वल सेमवाल, सुधांशु अग्रवाल, अजय सैनी, जतिन कपिल, लकी, प्रदीप बिजल्वाण, सौरभ जोशी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें