कोरोना संक्रमण के बढ़ने और कुंभ के भव्य आयोजन को लेकर दबाव में आई सरकार ने कुंभ के निर्माण कार्य को गति देने को अधिक तवज्जो दी है। शुक्रवार को मंत्रिमंडल की बैठक में कुंभ के निर्माण कार्यों के लिए पूर्व में घोषित रियायतों को आगे बढ़ाने का फैसला कर इसका संकेत दिया।
कोविड काल में सरकार ने कुंभ के निर्माण कार्यों को तेजी लाने के लिए निविदाओं को लेकर खासी रियायतें जारी की थीं। इसके लिए करीब तीन करोड़ तक के काम बिना निविदा के करने की अनुमति दी। इसी को सरकार ने अब छह माह के लिए बढ़ा दिया है।
शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल बताया कि कुंभ के निर्माण कार्योँ को देखते हुए यह फैसला किया गया है। इसी तरह अधिप्राप्ति नियमावली में पूर्व में घोषित रियायत को 31 दिसंबर तक बढ़ाने का फैसला किया गया।
विवाह समारोहों को रियायत, कार्ड रखें अपने पास
सरकार ने माना कि इस बीच कई विवाह समारोह हैं। लोग लंबे समय से इसकी तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में एकदम पूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता है। शासकीय प्रवक्ता सुबोध उनियाल के मुताबिक विवाह समारोह में अधिकतम 200 लोगों की संख्या के नियम का पालन करना होगा। नाइट कर्फ्यू में शादी के कार्ड को लेकर आवाजाही की जा सकती है।
पेयजल की किल्लत होगी दूर, जलसंस्थान को मुफ्त जमीन
करीब 975 करोड़ की नत्थनपुर पेयजल योजना के तहत जलसंस्थान को निशुल्क भूमि देना तय किया है। सर्किल रेट के तहत जलसंस्थान को इसकेे लिए 2.33 करोड़ रुपये की जरूरत थी।