सचिवालय सेवा संवर्ग के 12 अधिकारियों को नए साल के पहले ही दिन प्रमोशन की सौगात मिली है। सचिवालय प्रशासन ने शुक्रवार को उनकी पदोन्नति के आदेश जारी कर दिए। संयुक्त सचिव मदन मोहन सेमवाल को अपर सचिव व उप सचिव पद पर कार्यरत महावीर सिंह को संयुक्त सचिव बनाया गया है।
अपर मुख्य सचिव सचिवालय प्रशासन राधा रतूड़ी के आदेश के मुताबिक, अनुभाग अधिकारी पद पर तैनात आरके पांडे, सुधीर सिंह नेगी व राजेंद्र सिंह झिंक्वाण को अनुसचिव पद पर पदोन्नति मिली है। अनुसचिव पद पर कार्यरत अखिलेश मिश्रा, रीता क्वीरा और हीरा सिंह बसेड़ा को उपसचिव बनाया गया है।
समीक्षा अधिकारी पद पर कार्यरत अरविंद शर्मा, वंदना असवाल, पूनम जोशी व युक्ता मित्तल को अनुभाग अधिकारी पद पर पदोन्नति मिली है। ये सभी पदोन्नतियां अस्थाई हैं। इन्हें लोकसेवा अधिकरण में दायर याचिका ललित मोहन आर्य व अन्य बनाम उत्तराखंड राज्य व अन्य में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रखा गया है। सभी पदोन्नत अधिकारियों के तैनाती आदेश अलग से जारी होंगे।