ठगों ने कोरोना वैक्सीन के नाम पर भी ठगना शुरू कर दिया है। ऐसे में वैक्सीन के रजिस्ट्रेशन के लिए अगर फोन उठाया तो ठग आपका खाता खाली कर सकते हैं।
इस तरह के मामले देश में सामने आने के बाद एसएसपी एसटीएफ की ओर से जनहित में अपील की गई है कि वैक्सीन के रजिस्ट्रेशन के नाम पर कोई फोन आए तो सतर्क रहें।
दरअसल, साइबर ठग इन दिनों नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब उन्होंने कोरोना वैक्सीन को भी इसके लिए माध्यम बनाया है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि इन दिनों रजिस्ट्रेशन के लिए ठग फोन कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि भारत सरकार कोरोना वैक्सीन के लिए यह रजिस्ट्रेशन करा रही है।
इसके बाद मोबाइल नंबर और आधार कार्ड का नंबर मांगा जा रहा है। चंद सेकेंड बाद आने वाले ओटीपी को भी पूछा जा रहा है कि इससे रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। ओटीपी बताते ही ठग बैंक खातों में सेंध लगाकर रुपये निकाल रहे हैं।
अलग-अलग नंबरों से आ रहे फोन
ठग इसके लिए अलग-अलग नंबरों का प्रयोग कर रहे हैं। एसएसपी ने बताया कि यदि किसी के पास इस तरह की कॉल आती है तो वह इसकी जानकारी साइबर थाने को दे सकता है।
ताकि, इन नंबरों का डाटा एकत्र किया जा सके। लिहाजा, आम जनता को और अधिक सजग रहने की जरूरत है। ताकि, वह अपनी गाढ़ी कमाई को ठगों की नजरों से बचा सके।