भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की सह प्रभारी और सांसद रेखा वर्मा के सरकारी हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल पर आम आदमी पार्टी ने जांच की मांग की है। आप नेता रविंद्र जुुगरान ने इसे सरकार हेलीकॉप्टर का दुरुपयोग करार दिया।
पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के सरकारी हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल और गार्ड ऑफ ऑनर और इसके बाद सह प्रभारी रेखा वर्मा के हेलीकॉप्टर इस्तेमाल पर आप नेता जुगरान ने इसे सरकारी धन की बर्बादी का मामला बताया। उन्होंने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई से बीजेपी अपने संगठन के लोगों को हवाई यात्रा करवा रहा है।
चाहे वो उनके प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का मामला हो या उनके सहप्रभारी रेखा वर्मा का मामला हो। एक तरफ उनके संगठन के लोग सरकारी हेलीकॉप्टर से हवाई यात्रा कर जनता के पैसे बर्बाद कर रहे, जबकि दूसरी तरफ प्रदेश सरकार पैसे का रोना रोते हुए कर्ज ले रही है। लोग सड़कों पर आंदोलन को मजबूर हैं।
सरकार को जनहित के बजाए अपनों के हित की ज्यादा फिक्र है। आप नेता ने कहा इसकी तत्काल जांच होनी चाहिए कि कैसे जनता के पैसों से बीजेपी अपने संगठन के लोगों को हवाई सैर करवा जनता की गाढ़ी कमाई को लुटा रही है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को गार्ड ऑफ ऑनर देने के मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से सरकार को कठघरे में खड़ा करने का सिलसिला जारी हैै। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि मदन कौशिक खुद भी संसदीय कार्यमंत्री रह चुके हैं।
उन्हें अच्छी तरह से पता है कि प्रोटोकॉल क्या कहता है। फिर भी उन्होंने पुलिस की ओर से दिए गए गार्ड ऑफ ऑनर को स्वीकार किया। यह अधिकार का दुरुपयोग है। कौशिक ने एक ऐसी परंपरा की नींव डाली है जो आगे आने वाले समय में प्रदेश पर बोझ साबित होगी।