प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव की उपस्थिति का ही सबब था कि एक बार फिर कांग्रेस के सभी बड़े नेता एक मंच पर दिखाई दिए। गुरुवार को देर रात प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव की मौजूदगी में हुई बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, काजी निजामुद्दीन, उप नेता विधायक दल करण माहरा, सूर्यकांत धस्माना, मनीष खंडूरी, विजय सारस्वत, संजय पालीवाल, शिल्पी अरोड़ा, गरिमा दसौनी, केशर सिंह नेगी, जयेंद्र रमोला, सुमित हृदयेश आदि शामिल हुए।
हालांकि इस बैठक में किशोर उपाध्याय की मौजूदगी नहीं थी। पिछले कुछ समय से कांग्रेस में चुनावी चेहरे को लेकर खींचतान सामने आई थी। आपदा के दौरान प्रीतम सिंह और हरीश रावत एक साथ कई मौकों पर नजर आने से इस खींचतान के कम होने का संकेत मिला था।
धस्माना को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना को जिला प्रभारियों और कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के बीच समन्वय की जिम्मेदारी मिली है। कांग्रेस ने हाल ही में संगठनात्मक जिलों और विधानसभाओं के प्रभारी घोषित किए थे। सूर्यकांत धस्माना को अब सभी जिला प्रभारी उपाध्यक्षों और महामंत्रियों से संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी हासिल कर प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी को देनी होगी।