कोरोना संकट के चलते सेवायोजन विभाग ऑनलाइन रोजगार मेला लगाना चाहता है, लेकिन फिलहाल यह योजना सफल होती नहीं दिख रही है। लॉकडाउन के चलते कंपनियां घाटे में चल रही हैं, जिस कारण नई भर्तियां करने में असमर्थता जता दी है। ऐसे में बिना कम्पनियों के रोजगार मेला होना संभव नहीं है।
इस साल विभाग ने बड़े रोजगार मेले का आयोजन कराने की योजना बनाई थी। लेकिन मार्च अंत से लॉकडाउन लागू होने के बाद यह संभव नहीं हो पाया। इसके बाद विभाग ने ऑनलाइन रोजगार मेला आयोजित करने की योजना बनाई थी।
इसके लिए विभाग की ओर से तमाम कंपनियों से संपर्क भी किया गया। लेकिन, ज्यादातर कंपनियों ने इसमें रुचि नहीं दिखाई। कारण यह है कि लॉकडाउन की वजह से कंपनियों में उत्पादन बंद है और लगातार घाटा हो रहा है। कई कंपनियों के लिए तो पहले से कार्यरत कर्मचारियों को वेतन देना भी भारी पड़ रहा है।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता नेगी चौहान ने कहा कि ऑनलाइन रोजगार मेले के लिए कई कंपनियों से संपर्क किया गया, लेकिन मौजूदा चुनौतियों के कारण उन्होंने रोजगार मेले में हिस्सा लेने में असमर्थता जताई है।
बेरोजगारों को है रोजगार मेले से आस
मौजूदा समय में बाहर व उत्तराखंड में नौकरी करने वाले अनेकों युवाओं को नौकरी से निकाला गया है या फिर उन्होंने मजबूरन नौकरी छोड़ दी। ऐसे में बेरोजगार युवा बेसब्री से रोजगार मेले का इंतजार कर रहे थे। लेकिन, फिलहाल उनकी उम्मीद पूरी होती नजर नहीं आ रही है।