मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शनिवार को रुद्रपुर में गांधी पार्क में दीनदयाल उपाध्याय किसान कल्याण योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत किसानों को तीन लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा। सीएम ने किसानों को ऋण के चेक देने के साथ ही महिला समूहों को भी ब्याज रहित पांच लाख रुपये के ऋण के चेक वितरित किए।
इस मौके पर सीएम ने कहा कि किसानों को तीन लाख रुपये का ब्याजमुक्त ऋण देने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में यह योजना मील का पत्थर साबित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में इस ऋण योजना की तीसरे चरण की शुरुआत होने जा रही है।
पहले चरण में किसानों को दो प्रतिशत ब्याज पर एक लाख का ऋण और दूसरे चरण में ब्याज रहित एक लाख रुपये का ऋण दिया गया। इस योजना की सफलता को देखते हुए अब किसानों को ब्याज रहित तीन लाख रुपये के ऋण की सुविधा दी जा रही है।
सीएम ने गांधी पार्क में 11,944.7 लाख के 32 निर्माण कार्यों का शिलान्यास और 2,578.7 लाख रुपये के 15 निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री सुबह करीब साढ़े 11 बजे रुद्रपुर पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान राज्य की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राज्य में कृषि उत्पादन के साथ ही उत्पादकता भी बढ़ी है। किसानों की मेहनत के प्रतिफल के रूप में राज्य को कृषि कर्मण पुरस्कार मिला है। सीएम ने कहा कि कि गन्ना किसानों को शत प्रतिशत भुगतान करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है।
किसानों को धान का भुगतान एक सप्ताह के भीतर
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष सरकार धान खरीद का लक्ष्य पूरा कर चुकी है। प्रदेश में 242 सरकारी केंद्रों में धान खरीद हुई है। किसानों को एक सप्ताह के भीतर धान का भुगतान हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को एक रुपये में पेयजल कनेक्शन दिए जा रहे हैं। शीघ्र ही शहरी क्षेत्र के लोगों को भी सौ रुपये में पेयजल कनेक्शन दिए जाने की तैयारी है। पहले चरण में पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दूसरे चरण में पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता और तीसरे चरण में गुणवत्ता युक्त पानी दिया जाएगा। बागेश्वर और देहरादून में दिसंबर तक यह कार्य पूर्ण हो जाएगा।
पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में चल रहा काम
उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का एवं ग्रीन एयरपोर्ट बनाने का कार्य चल रहा है। जिले में अब तक 10,800 को लोगों को भूमिधरी का अधिकार और 6,619 लोगों को स्वामित्व योजना का लाभ मिल चुका है।
कार्यक्रम में इन्होंने की शिरकत
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक राजकुमार ठुकराल, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, काशीपुर विधायक हरभजन सिंह चीमा, खटीमा विधायक पुष्कर धामी, नानकमत्ता विधायक प्रेम सिंह राणा, लालकुआं विधायक नवीन दुम्का, जिला पंचायत अध्यक्ष रेनू गंगवार, मेयर रामपाल सिंह, उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष सुरेश परिहार, भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष अनिल चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, जिला महामंत्री हिमांशु बिष्ट, प्रमुख वन संरक्षक डॉ. पराग मधुकर धकाते, डीएम रंजना राजगुरु, एसएसपी डीएस कुंवर, तराई विकास सहकारी संघ के अध्यक्ष गोपाल बोरा, राकेश सिंह, उत्तम दत्ता, ललित मिगलानी आदि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने का कार्य कर रही है। जिले में एनएच घोटाले में अब तक 111 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। छह के खिलाफ कार्रवाई होनी शेष है। उन्होंने जिले में धान खरीद में आ रही गड़बड़ी की शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को संज्ञान लेने को कहा।