कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि जिनके घर कांज के हैं, उन्हें दूसरे के घर पर पत्थर फेंकने का अधिकार नहीं है। सोशल मीडिया पर उनका यह वीडियो वायरल हो रहा है। उनके इस बयान को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और त्रिवेंद्र सिंह रावत के हाल ही में दिए गए बयानों से जोड़कर देखा जा रहा है।
शुक्रवार को हरक सिंह रावत के इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मीडिया कर्मियों ने प्रतिक्रिया लेनी चाही। त्रिवेंद्र ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। भाजपा कोर कमेटी की बैठक के बाद जब त्रिवेंद्र बाहर निकले तो मीडियाकर्मियों ने उन्हें घेर लिया था।
कोर कमेटी की बैठक में सभी वरिष्ठ नेताओं को एक-दूसरे पर बयानबाजी न करने की नसीहत दी गई थी। हरक सिंह का वीडियो बयान सोशल मीडिया पर कोर कमेटी की बैठक से पहले ही वायरल हो गया था। मीडियाकर्मियों को उनका भी इंतजार था, लेकिन उनके बैठक से जाने की किसी को भनक नहीं लगी।
हरक सिंह ने जो कहा
मैं सोचता हूं कि जिसका जितना ज्ञान होता है। मुझे कोई टिप्पणी नहीं करनी है। वह उम्र में मुझसे बड़े हैं। हरीश रावत जी से कितनी ही लड़ाई क्यों न हो। व्यक्तिगत रूप से मतभेद हो सकते हैं। राजनीतिक लड़ाई हो सकती है। लेकिन मैंने न कभी व्यक्तिगत टिप्पणी की है न मैंने किसी के खिलाफ बिलो बेल्ट रह कर काम किया है।
जिनके घर कांच के होते हैं, उनको दूसरों के घर पर पत्थर डालने का अधिकार भी नहीं है। उनको जो उचित लगे वह कहें। कुछ चीजें आशीर्वाद होती हैं। वह कुछ भी कहें, उत्तराखंड की जनता इस बारे में ज्यादा अच्छी तरह जानती है। राजनेताओं को ही नहीं सामान्य व्यक्ति को भी किसी के बारे में कहने से पहले सोच समझकर बात करनी चाहिए।
आपस में सुलझा लेंगे मामला : सीएम
त्रिवेंद्र और हरक के बीच क्या जंग चल रही है के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पार्टी में कोई जंग नहीं चल रही है। थोड़ा बहुत मतभेद हो सकते हैं, लेकिन कोई मनभेद नहीं हैं। हम आपस में उसको सुलझा लेंगे।