प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए सोमवार को सरकार ने 31.10 करोड़ रुपये जारी कर दिए। इनमें जिला पंचायतों को 14.21 करोड़, क्षेत्र पंचायतों को 7.23 करोड़ और ग्राम पंचायतों को 9.65 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आपदा प्रबंधन के प्रस्ताव पर महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य व परिवार कल्याण को 30 करोड़, पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय को करीब 14.50 करोड़, प्रमुख अभियंता लोनिवि को 4.72 करोड़, महानिदेशक सूचना को तीन करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। साथ ही राज्य आपदा मोचन निधि मद में 3.75 करोड़ के प्रस्ताव पर भी सहमति दी है।
इन्हें भी मिली मंजूरी
1. चकराता में सुई कचाणु मोटर मार्ग के निर्माण कार्य के लिए 226.87 लाख की प्रशासकीय, वित्तीय और व्यय की स्वीकृति। बताया गया कि चकराता विधानसभा क्षेत्र में इस कार्य को मिलाकर कुल 36.36 करोड़ की योजनाओं को स्वीकृति दी जा चुकी है।
2. तहसील त्यूनी के क्वानी में बेसमेंटल तथा देहरादून तहसील के गांव दुरमाला, माल देवता में चिह्नित क्षेत्र में खनिज की खोज की जाएगी। इसके लिए मिनरल एक्सप्लोरेशन कार्पोरेशन लिमिटेड नागपुर से समझौता किया जाएगा। अनुबंध कराने, समझौता कराने के लिए निदेशक भूतत्व व खनिकर्म को नामित किया।
3. टिहरी जिले के विकासखंड जाखणीधार के राजकीय इंटर कॉलेज कनैलधार का नाम प्रमुख समाजसेवी स्वर्गीय रघुनाथ सिंह राणा के नाम पर होगा। टिहरी विधायक डॉ.धन सिंह नेगी के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा की थी।
4. राजकीय इंटर कॉलेज दुधली में बहुउद्देशीय हाल के निर्माण के लिए 3.11 करोड़ रुपये।
5. हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के तहत एनएच-74 के ग्राम कांगड़ी से श्यामपुर-सजनपुर पीली तक डेढ़ लेन चौड़ाई में सड़क व बाक्स कलवर्ट का निर्माण कार्य के लिए 5.54 करोड़ स्वीकृत।
6. चमोली जिले के राजकीय इंटर कॉलेज वाण में चार अतिरिक्त कक्षा भवनों का निर्माण।