भाजपा के राट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दो दिवसीय दौरे पर हरिद्वार पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा। बारिश के बाद भी नड्डा के स्वागत के लिए हाईवे पर जगह-जगह कार्यकर्ता डटे रहे। कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर फूलों की बारिश की। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर ढोल नगाड़ों और गुलाब के फूलों की बारिश कर स्वागत हुआ। स्वागत से गदगद नड्डा ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।
हरिद्वार और देहरादून जिले की सीमा पर होटल गॉडविन में भाजपा के दो दिवसीय कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करीब पौने बारह बजे पहुंचे। नड़्डा के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और प्रभारी दुष्यंत गौतम समेत कई नेता शामिल थे। नड्डा के स्वागत के लिए होटल से पहले हाईवे पर हरिद्वार जिले की सभी 11 विधानसभाओं के कार्यकर्ता स्वागत बारिश में डटे रहे।
बारिश के चलते स्वागत की औपचारिकता रही। होटल पहुंचने पर हरिद्वार जिले के विधायकों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम होटल में अलग-अलग हॉल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में शामिल होने वाले नेताओं के लिए पूर्व में कार्ड जारी हुए थे। बिना कार्ड के कार्यक्रम हॉल तक पहुंचने नहीं दिया गया। स्वागत करने वालों में हरिद्वार जिले के भाजपा के सभी विधायक एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के स्वागत के बहाने विधानसभा के चुनावी चेहरों ने भी अपनी ताकत दिखाई। कोई टिकट बचाने तो कोई टिकट पाने के लिए समर्थकों के संग पहुंचे। यही नहीं होर्डिंग और बोर्ड के जरिये भी चुनावी तैयारी कर रहे भाजपाइयों ने अपने को राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने चमकाने की भरपूर कोशिश की।
शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय जेपी नड्डा देहरादून रोड स्थित एक होटल में पदाधिकारियों और पार्टी के जनप्रतिनिधियों की बैठक लेने के लिए पहुंचे। इसी महीने आई एक मीडिया रिपोर्ट में प्रदेश में दो दर्जन से अधिक विधायकों के टिकट कटने की आशंका को देखते हुए कई विधायक स्वागत के जरिये अपनी ताकत दिखाने का प्रयास करते रहे।
समर्थक विधायकों के नामों और फोटोयुक्त तख्तियां हाथों लेकर बारिश के बीच ही खड़े रहे। विधायक होटल के गेट पर अपने समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए प्रवेश करते रहे। इसके अलावा जो भाजपाई टिकट लेना चाहते हैं उन्होंने भी ढोल-नगाड़ों के साथ ही हाईवे पर अपने बोर्ड और होर्डिंग लगाकर पहचान जतानी चाहिए।