प्रदेश में छात्र-छात्राओं के एडमिशन और कुछ में परीक्षाओं को लेकर आज से सभी सरकारी एवं निजी डिग्री कॉलेज खुल गए हैं। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से बताया गया कि इस संबंध में सभी तैयारियां मंगलवार को ही पूरी कर ली गईं थीं।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. पीके पाठक के मुताबिक समस्त डिग्री कॉलेजों में संस्थागत छात्र-छात्राओं को मास्क अनिवार्य रूप से पहनकर आना होगा। जबकि एक अक्तूबर से डिग्री कॉलेजों में नया शैक्षिक सत्र शुरू होगा। उच्च शिक्षा निदेशक ने कहा कि डिग्री कॉलेज खोले जाने के संबंध में शासन की ओर से जो आदेश दिए गए हैं, सभी डिग्री कॉलेजों को उनका कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकारी स्कूलों में दाखिला कराने में सहयोग करें जनप्रतिनिधि : पांडेय
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग की ओर से प्रवेशोत्सव कार्यक्रम बुधवार से शुरू हो गया, जो 15 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने जनप्रतिनिधियों से बच्चों का दाखिला सरकारी स्कूलों में कराने के लिए लोगों का जागरूक करने की अपील की।
बुधवार को विद्यालयी शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने कार्यक्रम की शुरूआत की। इसके तहत उन्होंने केंद्रीय स्टूडियो नवोदय विद्यालय तपोवन देहरादून में वर्चुअल क्लासरूम के माध्यम से प्रदेशभर के विधायकों और जनप्रतिनिधियों से ऑनलाइन माध्यम से सीधा संवाद किया। ‘हम सबका प्रयास, शिक्षा का विकास’ कार्यक्रम के तहत जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए।
वर्चुअल संवाद में विधायक रानीखेत करन माहरा, विधायक पौड़ी मुकेश कोली, विधायक सहसपुर सहदेव सिंह पुंडीर, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी, विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान, विधायक गंगोलीहाट मीना गंगोला, विधायक भगवानपुर ममता राकेश, विधायक लोहाघाट पूरन सिंह फर्त्याल, विधायक पिथौरागढ़ चंद्रा पंत, मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, जिला पंचायत अध्यक्ष नैनीताल बेला तोलिया, जिला पंचायत अध्यक्ष बागेश्वर बसंती देवी, जिला पंचायत अध्यक्ष पिथौरागढ़ दीपिका बोरा, नगर पंचायत अध्यक्ष दिनेशपुर जनपद ऊधमसिंह नगर सीमा सरकार, ब्लॉक प्रमुख, अध्यक्ष नगर पालिका व नगर पंचायत और निर्वाचित जनप्रतिनिधि शामिल हुए।