प्रदेश सरकार ने चार विधानसभा क्षेत्रों की सड़कों, आपदा में क्षतिग्रस्त पुलों के निर्माण और अन्य विकास योजनाओं से जुड़े करीब 84 करोड़ के प्रस्तावों को हरी झंडी दे दी है। मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं से जुड़ी अलग-अलग धनराशि जारी करने को मंजूरी दी। इसके तहत उत्तराखंड डिजास्टर रिकवरी प्रोजेक्ट के तहत 50 पुलों के निर्माण एवं बाढ़ रोकने के कार्यों व एंबुलेंस खरीद के लिए 50 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई।
यमुनोत्री, रुद्रपुर, खानपुर व गदरपुर में बनेंगी सड़कें
राज्य योजना के तहत यमुनोत्री विस के चिन्यालीसौड़ ब्लाक में मरगांव-जसपुर-चमियारी से उलण मोटर मार्ग का निर्माण करने को 3.30 करोड़ की स्वीकृति दी गई। इसके लिए चालू वित्त वर्ष में 10 हजार बजटीय प्रावधान किया गया। खानपुर में दो खंड़जा मार्ग के निर्माण कार्य के लिए 55.19 लाख की स्वीकृति जारी हुई।
रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के बुक्सौरा में आनंद सिंह के घर से फाल सिंह के घर तक मार्ग निर्माण के लिए 21.68 लाख मंजूर हुए। रुद्रपुर में ही एनएच-74 से प्रेमनगर अलखदेवी मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी मंजूर हो गया। इसके लिए 5.29 लाख की स्वीकृति दी गई। गदरपुर दिनेशपुर मदकोटा मोटर मार्ग के चार किलोमीटर से श्यामनगर तक मार्ग का सुदृढ़ीकरण और निर्माण कार्य के लिए 1.73 करोड़ की स्वीकृति गई।
बनेंगे 50 पुल, पांच नदी किनारे होंगे प्रोटेक्शन कार्य
विश्व बैंक सहायतित परियोजना उत्तराखंड डिजास्टर रिवकरी प्रोजेक्ट के तहत 50 पुलों का निर्माण होगा और पांच नदियों के किनारे प्रोटेक्शन कार्य होंगे। आपदा प्रबंधन से जुड़े इन तमाम कार्यों के लिए 50 करोड़ की मंजूरी दी गई। योजना के तहत यूएसडीएमए भवन निर्माण कार्य, सात ढलान स्थिरीकरण कार्य तथा एसडीआरएफ मुख्यालय निर्माण कार्य चल रहा है।
आकस्मिक आपातकालीन व्यवस्थाओं के घटक के तहत 140 एंबुलेंस, 1000 फालर बेड्स, 4 सीटी स्कैन मशीन व लैब सुदृढ़ीकरण कार्य होना है। चिन्यालीसौड़ के आपदा प्रभावित कांसी के प्रभावित परिवारों को अन्यत्र सुरक्षित स्थान पर विस्थापित किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। पिथौरागढ़, देहरादून, हरिद्वार को एक करोड़, तीन करोड़ और पांच करोड़ राशि मंजूर की गई।
भीमताल करकोटक में होगा सौंदर्यीकरण
पर्यटन विभाग के तहत नैनीताल जिले में भीमताल में करकोटक की चोटी का पर्यटन की दृष्टि से विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 94.92 लाख मंजूर किए गए। इसमें से चालू वित्तीय वर्ष में 50 लाख खर्च हो सकेंगे।
आरटीई के तहत 2743 गरीब बच्चों का परिवहन भत्ता मंजूर
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत कुल 951 अनाच्छित बस्तियों में रह रहे बच्चों को केंद्र सरकार से मंजूर दरों पर परिवहन सुविधा मुहैया कराने कुल 2743 बच्चों कुल एक करोड़ 64 लाख 58 हजार रुपये की मंजूरी दी गई। प्रति बच्चा छह हजार रुपये सालाना मिलेगा।
टिहरी में कक्षा भवनों के निर्माण के लिए बजट जारी
टिहरी जिले के राजकीय इंटर कालेज ठेला, नैलचामी मे चार कक्षा कक्षों के निर्माण को मंजूरी दी गई। इस पर 45 लाख की लागत आएगी। इसके लिए 40 फीसदी राशि 18 लाख जारी किए गए। टिहरी के ही थौलधार विकासखंड के राजकीय इंटर कालेज बगियाल में दो कक्ष-कक्षों कृे निर्माण के लिए 42.28 लाख की मंजूरी दी गई। क्यारी स्थति राजकीय इंटर कालेज में दो कक्षा कक्षों की मंजूरी के लिए भी 42.28 लाख की सहमति दी गई।
इठारना इंटर कालेज का नया भवन बनेगा
डोईवाला विधानसभा में राजकीय इंटर कालेज इठारना का जीर्ण शीर्ण भवन ध्वस्त कर नया भवन बनाया जाएगा। इसके लिए 4.53 करोड की मुख्यमंत्री ने सहमति दी है। पहली किस्त के रूप में 1.81 करोड़ की राशि जारी करने की स्वीकृति दी गई। राजकीय प्राथमिक विद्यालय डोभालवाला की मरम्मत कार्य के लिए 8.99 लाख मंजूर किए। इसके लिए 3.60 लाख की पहली किस्त जारी हो सकेगी।
पूर्व विधायक राजेंद्र शाह की आदमकद प्रतिमा होगी स्थापित
मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत पूर्व विधायक स्वर्गीय राजेंद्र शाह की आदमकद प्रतिमा स्थापित होगी। मुख्यमंत्री इस प्रस्ताव के लिए 11.96 लाख की स्वीकृति दी।
बुग्गावाला में बनेगा मिनी स्टेडियम 96.85 होंगे खर्च
ज्वालापुर विधानसभा के ग्राम नौकराग्रांट बुग्गावाला में मिनी स्टेडियम बनेगा। मुख्यमंत्री ने 96.85 लाख मंजूर किए। इसके सापेक्ष 40 फीसदी धनराशि यानी 38.74 लाख की वित्तीय स्वीकृति दी गई।
एससी बहुल क्षेत्रों में विकास पर खर्च होंगे 3.38 करोड़
अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं का विकास योजना के तहत 61 निर्माण कार्यों के लिए 3.38 करोड़ अवमुक्त किए जाने पर सहमति दी है। समाज कल्याण विभाग में आनलाइन पेंशन पोर्टल की सुरक्षा आडिट के भुगतान के लिए 66 हजार मंजूर किए गए। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के तहत 31 निर्माण कार्य के लिए 1.47 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
आबकारी में ट्रैक और ट्रेस प्रणाली होगी लागू
आबकारी विभाग में ट्रैक और ट्रेस प्रणाली लागू की जाएगी। इस प्रणाली को लागू करने के लिए 4.63 करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया। सीएम ने प्रस्ताव को मंजूरी दी।
सोमेश्वर एससी बस्ती में लगेंगे हैंडपंप
सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में सुनौली अनुसूचित बस्ती दाड़िमखोला, थापला व बसौली में तीन हैंडपंप लगाए जाएंगे इसके लिए मुख्यमंत्री ने 9.41 लाख की स्वीकृति दी।