गाइड से सीधे संपर्क कर सकेंगे पर्यटक
पर्यटन विभाग अपनी वेबसाइट पर दक्ष टूरिस्ट गाइडों की पूरी जानकारी अपलोड करेगा, जिसमें गाइड का नाम, क्षेत्र और मोबाइल नंबर भी होगा। देश-दुनिया से आने वाले पर्यटक सीधे टूरिस्ट गाइड से संपर्क कर सकते हैं।
अपर निदेशक पर्यटन पूनम चंद का कहना है कि पर्यटन क्षेत्र में रोजगार की काफी संभावनाएं हैं। इसे देखते हुए प्रत्येक जिले में टूरिस्ट गाइड का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में युवाओं को पर्यटकों के साथ व्यवहार, स्थानीय पर्यटन क्षेत्रों से जुड़े सांस्कृतिक, पौराणिक व ऐतिहासिक विशेषता की जानकारी दी जा रही है।
पूरे प्रदेश में 390 टूरिस्ट गाइड की टीम होगी तैयार
पर्यटन विभाग ने प्रत्येक जिले में 30 टूरिस्ट गाइड बनाने की योजना बनाई है। इससे प्रदेश भर में 390 टूरिस्ट गाइड की टीम तैयार होगी। टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, देहरादून, उत्तरकाशी में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। रुद्रप्रयाग जिले में प्रशिक्षण चल रहा है। चमोली जिले के बाद कुमाऊं मंडल में टूरिस्ट गाइड का प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।