उत्तराखंड राज्य के साथ जो जनाकांक्षाएं जुड़ी हुई थी, वे बीते दो दशक में धराशायी हो गयी हैं। पलायन, रोजगार, जल, जंगल, जमीन पर अधिकार जैसे तमाम सवाल हाशिये पर चले गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल हैं, लेकिन सत्ताधारी दलों के लिए प्राथमिकता मुख्यमंत्री पद की दौड़ में जीत हासिल करना है। कोरोना की दूसरी लहर के बाद उत्तराखंड में व्यापार-व्यवसाय ठप है। भाजपा सरकार के कुप्रबंधन को देखते हुए उच्च न्यायालय ने चारधाम यात्रा पर रोक लगा दी है। इसके चलते इस यात्रा पर रोजगार के लिए निर्भर लोगों के सामने दूसरे साल रोजी-रोटी का संकट पैदा हो गया है। नर्सिंग भर्ती की बार-बार बदलती तारीखों के बीच पैसे के लेनदेन की चर्चा चल पड़ी है।
- समर भंडारी, राज्य सचिव, भाकपा
तीरथ सिंह रावत तब भर्तियों का एलान कर रहे थे, जबकि वे खुद मुख्यमंत्री पद से हटने वाले थे। जो उत्तराखंड के बेरोजगारों के साथ छल है। बीते साढ़े चार सालों में पीसीएस की परीक्षा तक नहीं हुई। तीरथ सिंह रावत अपने हास्यास्पद बयानों और कुंभ टेस्टिंग घोटाले जैसी बातों के लिए ही याद किए जाएंगे। दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से उत्तराखंड को चलाने की कोशिशें निंदनीय और उत्तराखंड की जनता के जनमत का अपमान है। वामपंथी पार्टियां उत्तराखंड की जनता से आह्वान करती हैं कि वे जनता के जनमत का मखौल उड़ाने वालों को सबक सिखाते हुए जनता के संघर्षों के साथ खड़ी ताकतों के पक्ष में एकजुट हों।
- राजेंद्र नेगी, राज्य सचिव, माकपा
भाजपा के मुख्यमंत्री चयन का सीन नाटकीय तरीके से समाप्त हुआ। कुछ लोगों के लिए अंगूर हमेशा-हमेशा के लिए खट्टे हो गए हैं। खुशी है एक किसान का बेटा पुष्कर सिंह धामी राज्य का मुख्यमंत्री बना है, उनको बहुत-बहुत बधाई। आज शुभकामनाएं देने का दिन है। कल मैं इस सारे घटनाक्रम की राजनीतिक चीर-फाड़ करूंगा। मगर आज केवल-केवल पुष्कर धामी को बधाई देता हूं, उनके जीवन में यह बड़ा क्षण है।
- हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव
मैं उत्तराखंड राज्य के नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। 2017 के विस चुनाव में भाजपा ने जनता से जो वादे किए थे, उम्मीद है कि धामी उनको पूरा करेंगे। इस बीच भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने राज्य में जिस तरह से अस्थिरता लाने का काम किया है, उसका सबक जनता आने वाले चुनाव में भाजपा को सिखाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक का यह बयान भ्रमित करने वाला है कि संविधानिक संकट की वजह से तीरथ सिंह रावत चुनाव नहीं लड़ पाए। जब कि वे चाहते तो सल्ट से चुनाव लड़ सकते थे।
- प्रीतम सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
पुष्कर सिंह धामी को हार्दिक शुभकामनाएं। अब उनकी अगुआई में भाजपा सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए और तेजी से कदम बढ़ाएगी।
- त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री