कोरोना महामारी के प्रकोप के बीच उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या संक्रमित पाई गई हैं। शनिवार को उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास राज्यमंत्री रेखा आर्य का पूरा परिवार कोरोना पॉजिटिव हो गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि उनकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह एसिंप्टमेटिक है और कोई परेशानी नहीं है ।
डॉक्टरों की निगरानी में उन्होंने खुद को आईसोलेट किया हुआ है । राज्य मंत्री ने कहा कि जो कोई भी पिछले कुछ दिनों में उनके निकट आया हो वह सावधानी बरतें और जांच कराएं। उनके पति गिरधारी लाल साहू और मंत्री के तीन बच्चों की भी कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इसके अलावा मंत्री के स्टाफ के दो लोगों की जांच भी कोरोना पॉजिटिव आई है।
तेजी से बढ़ रहे संक्रमितों और मरीजों की मौत के आंकड़े
प्रदेश में कोरोना संक्रमितों और मरीजों की मौत के आंकड़े तेजी से बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को 725 नए संक्रमित मिले हैं और नौ मरीजों की मौत हुई। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 81 हजार पार हो गया है। वहीं, सक्रिय मरीजों की संख्या 5934 पहुंच गई है।
सर्दी बढ़ने के साथ कोरोना संक्रमित मामले बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को देहरादून जिले में 256 कोरोना मरीज मिले। नैनीताल में 115, पौड़ी में 79, चमोली में 57, पिथौरागढ़ में 55, हरिद्वार में 43, ऊधमसिंह नगर में 30, उत्तरकाशी में 21, अल्मोड़ा में 20, बागेश्वर में 18, रुद्रप्रयाग में 18, टिहरी जिले में 13 संक्रमित मिले।
कोरोना पर सरकार नहीं कर पा रही नियंत्रण : धस्माना
कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने में नाकाम होने का आरोप लगाया है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के मुताबिक राजधानी दून में संक्रमण ज्यादा फैलने का एक मुख्य कारण स्मार्ट सिटी के नाम पर एक साथ पूरे शहर को बेतरतीब तरीके से खोदना भी है। सरकार अब लोगों का ध्यान भटकाने के लिए वैक्सीन का ढिंढोरा पीट रही है।