अल्मोड़ा मेडिकल कालेज की प्रगति से एमसीआई संतुष्ट नजर नहीं आ रहा है। इससे मेडिकल कालेज की मान्यता एक साल और लटकने की आशंका है।
शुक्रवार को ही मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. रामगोपाल नौटियाल ने दिल्ली स्थित एमसीआई के मुख्यालय में प्रगति रिपोर्ट सौंपी। बताया जा रहा है कि इस रिपोर्ट से एमसीआई संतुष्ट नहीं है। बता दें कि 2012 से निर्माणाधीन अल्मोड़ा मेडिकल कालेज के भवनों का निर्माण अभी अधूरा है। साथ ही निर्माण कार्यों के चलते अस्पताल (बेस अस्पताल) भी अस्त व्यस्त है। फैकल्टी की नियुक्ति की प्रक्रिया भी अभी पूरी नहीं हुई है।
प्राचार्य डॉ. रामगोपाल नौटियाल खुद यह स्वीकार कर रहे हैं कि एमसीआई की टीम इस महीने निरीक्षण के लिए पहुंच गई तो मान्यता मिलनी संभव नहीं है। अभी तो तैयारियां इस हाल में हैं कि खुद प्राचार्य के बैठने के लिए तक कुर्सी मेज नहीं लगी है। ऐसे में प्राचार्य ने एमसीआई से निरीक्षण के लिए दो माह का समय मांगा है लेकिन एमसीआई दो माह का समय देगी या नहीं यह अभी पक्का नहीं है।
शुक्रवार को मेडिकल कालेज की प्रगति रिपोर्ट एमसीआई को सौंप दी गई है फिलहाल निरीक्षण के लिए तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण दो माह का समय देने का आग्रह किया गया है। समय मिला तो जरूरी तैयारियों को दो माह में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
- डॉ. रामगोपाल नौटियाल, प्राचार्य अल्मोड़ा मेडिकल कालेज