उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं की तिथियां घोषित हो गई हैं। मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं पहली बार नए पैटर्न पर आयोजित की जाएंगीं। अभी तक मदरसा बोर्ड यूपी के पैटर्न पर परीक्षाएं आयोजित कराता रहा है।
नए पैटर्न में मुंशी-मौलवी, आलिम, कामिल कक्षाओं के प्रश्नपत्रों की संख्या घटा दी गई है। कामिल और फाजिल कक्षा में पहले की तरह ही प्रश्न पत्र रहेंगे। मदरसा बोर्ड के उप निदेशक हाजी अखलाक अहमद ने बताया कि बोर्ड की परीक्षाएं दो अप्रैल से नौ अप्रैल के बीच आयोजित कराई जाएंगीं।
हाई स्कूल के समकक्ष मुंशी-मौलवी की परीक्षाओं में इस बार छह प्रश्न पत्र आएंगे। अभी तक इस कक्षा की परीक्षा में 10 प्रश्न पत्र आते रहे हैं। इसी तरह इंटरमीडिएट के समकक्ष आलिम की परीक्षा में नौ की जगह पांच प्रश्न पत्र आएंगे।
इसमें चार प्रश्न पत्र कम कर दिए गए हैं। स्नातक के समकक्ष कामिल में पहले वर्ष छह, दूसरे साल में छह और तीसरे साल में चार प्रश्न पत्र रहेंगे। इसका कोर्स तीन साल का है। परास्नातक के समकक्ष फाजिल की परीक्षा में प्रथम वर्ष में चार और द्वितीय वर्ष में भी चार प्रश्न पत्र रहेंगे।
उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड का गठन होने के बाद पहली बार राज्य के तैयार किए गए पैटर्न पर परीक्षा हो रही है। बोर्ड बनने के बाद मदरसों में आधुनिक विषयों का कोर्स उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा एवं परीक्षा परिषद, रामनगर के मुताबिक रखा गया है।