सैयद मुश्ताक टी-20 ट्रॉफी में उत्तराखंड को अपने पहले मुकाबले में पांच रन से हार का सामना करना पड़ा। बड़ौदा के कप्तान क्रुणाल पांड्या ने अर्द्धशतकीय पारी खेली साथ ही दो विकेट भी चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए एक वक्त उत्तराखंड टीम जीतने की स्थिति में पहुंच गई थी, लेकिन कुणाल चंदेला के आउट होने के साथ ही जीत की उम्मीदें धराशायी हो गईं।
रविवार को वड़ोदरा के रिलायंस क्रिकेट स्टेडियम में उत्तराखंड के कप्तान इकबाल अब्दुल्ला ने टॉस जीतकर बड़ौदा को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। गेंदबाजों ने 7.3 ओवर में 41 रन पर बड़ौदा के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। हालांकि, कप्तान क्रुणाल पांड्या और बल्लेबाज एसके पटेल ने 89 रनों की साझेदारी कर टीम को 168 तक पहुंचाने में मदद की।
क्रुणाल ने 76 रनों की पारी खेली। उत्तराखंड के ए मधवाल ने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट चटकाए। गिरीश रतूड़ी ने भी 34 रन देकर तीन विकेट लिए। जवाब में खेलने उतरी उत्तराखंड की शुरूआत बेहद खराब रही और पारी की पहली ही गेंद पर ओपनर जय बिस्टा रन आउट होकर पवेलियन लौट गए।
11 के स्कोर पर टीम को पीयूष जोशी के रूप में दूसरा झटका लगा। करणवीर कौशल भी बहुत देर विकेट पर नहीं टिक सके और 57 गेंदों में 77 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद दीक्षांशु नेगी ने एक छोर पर खूंटा गाड़ दिया और 57 गेंदों में 77 रनों की पारी खेलकर नाबाद लौटे। दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। सौरभ रावत एक और कप्तान इकबाल अब्दुला सात रन बनाकर लौटे।
अंतिम ओवरों में कुणाल चंदेला ने 26 गेंदों में 48 रन बनाकर जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन उनके आउट होते ही बड़ौदा की जीत तय हो गई। टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 163 रन ही बना सकी। ए सेठ और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट चटकाए।