मकर संक्रांति पर्व पर बुधवार को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह चार बजे विधि-विधान के साथ आदिबदरी मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोल दिए गए। इस दौरान भक्तों ने पुष्प वर्षा की और भगवान आदिबदरीनाथ के जयकारे लगाकर पुण्य दर्शन किए।
मंदिर के पुजारी चक्रधर थपलियाल ने भगवान आदिबदरी नाथ जी को सप्त सिंधु के जल से स्नान कराने के बाद पीत वस्त्र पहनाकर मुकुट और सोने-चांदी के छत्रों से विभूषित किया। उधर, आगामी 29 जनवरी को वसंत पंचमी के मौके पर नरेंद्रनगर राज दरबार में श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि भी घोषित कर दी जाएगी।