बड़े नेताओं की रैली
भाजपा ने ऊधमसिंह नगर-नैनीताल सीट पर कई बडे़ नेताओं की रैली की। इसमें चार अप्रैल को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा ने भी असर दिखाया। दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी समेत अन्य नेताओं ने रैली, सभाओं के जरिए भाजपा के पक्ष माहौल बनाने में मदद की।
तैयारियों पर लगातार नजर
भाजपा की तैयारियां ढीली न हों, इसके लिए भाजपा के आला नेताओं के दौरे होते रहे। भाजपा महामंत्री संगठन रामलाल, सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू से लेकर केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी थावर चंद गहलोत भी पहुंचे। लगातार बड़े नेताओं के दौरे से तैयारियां ढीली नहीं पड़ी। सूत्रों के अनुसार साथ ही संघ ने भी सीट पर जोर लगाया हुआ था।
मौके के हिसाब से रणनीति में बदलाव
भाजपा ने मौके के हिसाब से रणनीति में बदलाव किया। इस सीट पर पहले चुनाव प्रभारी केदार जोशी और अल्मोड़ा सीट पर दान सिंह रावत जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पर बाद में बदलाव किया गया, दान सिंह रावत को नैनीताल और केदार जोशी को अल्मोड़ा सीट का प्रभारी बनाया गया। कैबिनेट मंत्री, विधायक, मेयर सभी को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सदस्यता अभियान के जरिए भी भाजपा ने विपक्षी दलों में सेंध लगाने के साथ अन्य लोगों को पार्टी से जोड़ा। इससे भी पार्टी के पक्ष में माहौल बना।
चक्रव्यूह किया तैयार
भाजपा ने चुनाव में जीत हासिल करने के लिए हर छोटी-बड़ी बात का ध्यान रखा और विपक्षियों को घेरने के लिए चक्रव्यूह तैयार किया। हर चालीस किमी पर एक बड़ी सभा कराई। इसमें प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक शामिल थे। कार्यकर्ताओं की फौज को मैदान में उतारा गया। इसका लाभ भी पार्टी को मिला। त्रिशक्ति सम्मेलन, पन्ना प्रमुखों की बैठक आदि के जरिए पार्टी ने चुनाव से पहले होमवर्क किया था, उसका भी लाभ मिला।
बूथ मैनेजमेंट और सोशल मीडिया पर आगे
भाजपा ने बूथ मैनेजमेंट पर शुरुआत से ही जोर रहा था। इसी के मद्देनजर त्रिशक्ति सम्मेलन कराया गया। हर बूथ पर करीब 20 कार्यकर्ताओं की खास टीम तैयार की गई। सोशल मीडिया पर भी भाजपा विपक्षी दलों से आगे रही। सोशल मीडिया के जरिये भी भाजपा अपनी बात और संदेश पहुंचाने में सफल रही। इसके अलावा 78 लोगों की लोकसभा चुनाव संचालन समिति भी बनाई गई थी।
मुख्यमंत्री का रोड शो
इस सीट पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी जोर लगाया था। उन्होंने प्रचार की शुरुआत इस सीट से की थी। प्रचार के आखिरी दिन भी हल्द्वानी में रोड शो किया। भीमताल ब्लाक, लालकुआं आदि जगहों पर कई सभाओं के जरिए भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में मदद की।
जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जनता को जाता है। जनता मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री के तौर पर देखना चाहती है, इसलिए उसने भाजपा को वोट दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पूरी ताकत लगाई। जिस तरह घर में बेटी की शादी में छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाता है उसी तरह हर छोटी-बड़ी बात को ध्यान में रखकर चुनाव में काम किया गया।
- अजय भट्ट, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर लोकसभा सीट से विजयी प्रत्याशी