उत्तराखंड में 17 वीं लोकसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को कुल 57.09 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यह आंकड़ा वर्ष 2014 लोकसभा चुनाव की तुलना में कम है। नैनीताल संसदीय क्षेत्र में सबसे अधिक 66.39 प्रतिशत और पौड़ी में सबसे कम 48.78 प्रतिशत मतदान हुआ।
2014 में 62.15 प्रतिशत मतदान हुआ था। पांचों संसदीय सीटों में सभी 11229 बूथों पर मतदाताओं ने शांतिपूर्ण ढंग से मताधिकार का प्रयोग किया। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर प्रदेश के किसी भी बूथ से हिंसक घटनाओं की शिकायतें नहीं मिली है। बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पांच लोकसभा सीटों के लिए सुबह सात बजे मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई।