ट्रैफिक निदेशालय ने वीडियो जारी की है, जिसमें संदेश दिया गया है कि 'सावधानी हटी और दुर्घटना घटी, आलू पूरी बटी'। आलू पूरी को तेहरवीं से जोड़कर लोगों को लॉकडाउन का उल्लंघन न करने की हिदायत दी गई है।
कोरोना के संक्रमण से बचाने को देश भर के अनगिनत गीत के अलावा टिक टॉक तैयार किए गए हैं, लेकिन लॉकडाउन के उल्लंघन करने की घटनाओं में कमी नहीं आई है। ट्रैफिक निदेशक केवल खुराना की देख रेख में कोरोना की जागरूकता को लेकर 90 सेकेंड की शार्ट फ़िल्म तैयार की गई है।
कोरोना वायरस जागरूकता को बनाई फ़िल्म में राजधानी के घंटाघर की तस्वीर को दर्शाया गया है। दिखाया गया है कि देहरादून के घंटाघर पर पुलिस कर्मियों द्वारा वीआईपी कार को रोका गया। कार चला रहा युवक पुलिस को रौब दिखा रहा था। युवक यह कहता हुआ दिखाई दे रहा है कि उसकी मां का मामा विधायक है।
वह बकायदा अपने चाचा को फोन कर विधायक को फोन करने के लिए कहता है। इस पर पुलिस कर्मी कहता है कि कोरोना वायरस नहीं जानता कौन किसका रिश्तेदार है। इसके बाद पुलिस कर्मी कहता है कि सावधानी हटी, दुर्घटना घटी और आलू पूरी बटी। इस बात को सुनकर युवक अपनी गलती मानकर चुपचाप चला जाता है।
कोरोना से लोगों को सजग करने को बनाई वीडियो
ट्रैफिक निदेशक केवल खुराना बताते हैं कोरोना को लेकर लोगों को जागरूक करने को 90 सेकंड का ये वीडियो बनाया गया है। इसके पीछे मंशा ये संदेश देने की है कि कोरोना वायरस किसी को नहीं पहचानता है। जिसने भी लापरवाही बरती उसकी जिंदगी पर भारी पड़ सकता है।