जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिविल जज सीनियर डिवीजन दुर्गा शर्मा ने कहा कि नशा उन्मूलन के लिए प्राधिकरण की ओर से नशामुक्त देवभूमि अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही जनपद में नशे की गिरफ्त में आए लोगों का सर्वे कराया जाएगा।
फिलहाल जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है। नशे के आदी लोगों के इलाज और मदद के लिए नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र खोले गए हैं। इस अभियान में समाज को साथ देने की जरूरत है।
एक साल में पकड़ी 14 लाख की अवैध शराब
नशे की रोकथाम के लिए पुलिस समय-समय पर अभियान चलाती रही है। एक साल के अंतराल में पुलिस जिले में 14 लाख रुपये से अधिक की अवैध शराब बरामद कर तस्करी के आरोप में 103 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। एनडीपीएस एक्ट के तहत जिले में 22 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं, इनमें 37 तस्करों को गिरफ्तार कर पुलिस इनके पास से करीब ढाई किलो चरस, 50 किलो डोडा पाउडर, 600 ग्राम अफीम और सवा सौ ग्राम स्मैक बरामद कर चुकी है।
स्कूली बच्चे कर रहे फ्लूड का नशा
स्कूली बच्चे एल्कोहल की अधिक मात्रा वाले सिरप के
साथ ही सफेदा (व्हाइटनर) में मिलाए जाने वाले फ्लूड को भी नशे के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। उत्तरकाशी जिला मुख्यालय पर ही गंगा भागीरथी के घाटों पर स्कूली बच्चों को इस तरह का नशा करते आसानी से देखा जा सकता है।