फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: सड़क पार करते वक्त बाइक के क्लच में बंदूक फंसने से चली गोली, सुरक्षा गार्ड की मौत 

Tue, 27 Oct 2020 10:25 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, काशीपुर(ऊधमसिंह नगर)
विज्ञापन
सुरक्षा गार्ड - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तराखंड के काशीपुर में सड़क पार करते वक्त एक सुरक्षा गार्ड की बंदूक की बेल्ट सड़क पर चल रही एक बाइक के क्लच में फंस गई। इससे बंदूक का ट्रिगर दब गया और गोली चलने से खुद सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। उसे तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

विज्ञापन


ग्राम जुड़का निवासी वीरेंद्र सिंह रावत (48) पुत्र थान सिंह डेढ़ वर्ष से रामनगर रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह बैंक के सामने स्थित चाय के खोखे से लौट रहे थे। सड़क पार करते समय वह रामनगर की ओर से आ रही एक बाइक से टकरा गए।


बाइक पर एक किशोर और युवक सवार थे। हादसे के दौरान बाइक के क्लच में वीरेंद्र की बंदूक की बेल्ट फंस गई। इससे वीरेंद्र का संतुलन बिगड़ गया। बाइक सवार और वीरेंद्र सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बंदूक का ट्रिगर दब गया, जिससे गोली वीरेंद्र की दाईं जांघ में जा लगी। 
विज्ञापन


फायरिंग की आवाज से वहां अफरातफरी मच गई। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इधर, बैंक के शाखा प्रबंधक वीके सोनी और अन्य कर्मियों ने घायल गार्ड को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। खून अधिक बह जाने के कारण वीरेंद्र की हालत गंभीर हो गई। इस पर परिजन उसे निजी अस्पताल में ले गए जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

सूचना पर कोतवाल चंद्रमोहन सिंह और एसआई गणेश पांडे भी अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिवार में पिता थान सिंह, पत्नी सुनीता, एक विवाहित बेटी सुषमा, बेटा सुगम और दो छोटी बेटी सपना और कोमल हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। 

विज्ञापन

सेना में हवलदार रहे हैं वीरेंद्र 

मूलत: पौड़ी के पोस्ट धूमाकोट ग्राम नाला निवासी वीरेंद्र सिंह भारतीय सेना में हवलदार रहे हैं। वर्ष 2014 में वह 19 गार्ड रेजीमेंट, गुरदासपुर से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद उन्होंने बांबे इंटेलीजेंट सिक्योरिटी कंपनी में नौकरी शुरू कर दी थी। वीरेंद्र पिछले तीन वर्ष से सेंट्रल बैंक में नौकरी कर रहे थे। वह 12 साल पहले जुड़का नंबर दो में आकर बसे थे। गांव में ही उन्होंने एक एकड़ कृषि भूमि भी खरीदी थी। 

समय पर खून मिलता तो बच सकती थी जान
सरकारी अस्पताल के डॉक्टर राजीव चौहान ने बताया कि जांघ में गोली लगने से वीरेंद्र के घुटने के पीछे की धमनी फट गई थी। इस कारण तेजी से रक्तस्राव हो रहा था। रक्तस्राव अधिक होने से मरीज को खून की जरूरत थी लेकिन सिर्फ एक यूनिट ब्लड का ही इंतजाम हो पाया। अस्पताल में डॉक्टर इलाज कर रहे थे कि मरीज के तीमारदार उसे बिना डिस्चार्ज कराए ही ले गए। संभवत: खून की कमी के चलते वीरेंद्र की मौत हुई है। 

पुलिस ने बाइक को किया सीज 
बैंक के सुरक्षा गार्ड से टकराने वाले बाइक सवार रामनगर निवासी बताए गए हैं। दोनों ईद मिलादुन्नबी पर मस्जिद सजाने के लिए बिजली झालरें लेने के लिए काशीपुर आए थे। बाइक रोकने के लिए उन्होंने ब्रेक लगाए लेकिन बाइक असंतुलित होकर गार्ड से टकरा गई और हादसा हो गया। हादसे के बाद पकड़े जाने के डर से बाइक सवारों ने दौड़ लगा दी लेकिन चीमा चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। कोतवाल चंद्रमोहन ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने उनकी बाइक कब्जे में ले ली है। बैंक के शाखा प्रबंधक वीके सोनी की ओर से देर रात पुलिस को तहरीर सौंपी गई है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें