इस बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी दून में पहाड़ की संस्कृति के रंग बिखरते नजर आएंगे। पहली बार इस मौके पर झुमैलो नृत्य होने जा रहा है। नगर निगम में सुबह से शाम तक होने वाला पूरा कार्यक्रम अपनी संस्कृति को समर्पित रहेगा। जिला स्तर से चुनकर आने वाली 13 टीमें यहां प्रस्तुति देंगी। प्रथम विजेता टीम को दो लाख रुपये पुरस्कार राशि के रूप में दिए जाएंगे।
संस्कृति विभाग की ओर से स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 14 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम में हर बार जहां सिर्फ मुशायरे का आयोजन किया जाता रहा है। वहीं, पहली बार मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यह पहल की जा रही है। इसके तहत झुमैलो नृत्य कराया जा रहा है। झुमैलो नृत्य प्रतियोगिता ब्लॉक स्तर पर शुरू हो चुकी है।
ब्लॉक में विजेता रहने वाली टीमों को 14 अगस्त को नगर निगम के टाउन हॉल में प्रस्तुति देनी होगी। इस दिन हर जिले से एक-एक टीम यानी 13 टीमें इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। इनमें से सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति देने वाली तीन टीमों को मुख्यमंत्री पुरस्कृत करेंगे। इसके बाद मुशायरे का आयोजन होगा। इसके साथ ही विभागों को कुमाऊं की प्रसिद्ध लोक कला एपण बनाकर सजावट करनी होगी।