पौड़ी के रिखणीखाल ब्लॉक के बगेड़ा गांव निवासी तीन पैरा स्पेशल फोर्स के हवलदार परमेंद्र ध्यानी (38) जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले में शहीद हो गए। सेना मुख्यालय ने उनके परिजनों को यह सूचना दी है।
उनका पार्थिव शरीर बुधवार को कोटद्वार लाया जाएगा। बेटे के शहीद होने की खबर से गांव में परिजनों और उनके दोस्तों के यहां शोक का माहौल है।
पैरा स्पेशल फोर्स में थे तैनात
शहीद हवलदार परमेंद्र ध्यानी के बड़े भाई यतेंद्र ध्यानी ने बताया कि परमेंद्र चार भाइयों में सबसे छोटे थे। मां का निधन हो चुका है। पिता गोविंदराम ध्यानी अपने बड़े बेटे के परिवार के साथ अपने पैतृक गांव रिखणीखाल के बगेड़ा में रहते हैं।
परमेंद्र वर्ष 1996 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह थ्री पैरा स्पेशल फोर्स में हवलदार के पद पर तैनात थे। कुछ समय तक उनकी यूनिट आगरा में तैनात थी।
हाल में वह जम्मू-कश्मीर में तैनात हुए थे। तीन दिन पूर्व उनके कैंप पर आतंकी हमला हुआ, जिसमें वह शहीद हो गए। उनका परिवार ग्वालियर में रहता है।