उच्च शिक्षा में सुधार के लिए चल रहे राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) का क्रियान्वयन करने में उत्तराखंड को देश के शीर्ष पांच राज्यों में जगह मिली है। यह जानकारी रूसा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में दी गई। इसमें पहले दिन उत्तराखंड मुक्त विवि के कुलपति समेत कई विशेषज्ञों ने विचार रखे।
सोमवार को राजपुर रोड स्थित एक होटल में रूसा की ‘उच्च शिक्षा में अकादमिक श्रेष्ठता हेतु नेतृत्व विकास’ विषय पर आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ अपर सचिव नितिन भदौरिया ने किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के रूसा से जुड़े सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को समय से अपने प्रोजेक्ट जमा कराने चाहिए। ताकि उसके मुताबिक रूसा का क्रियान्वयन हो सके। उन्होंने बताया कि रूसा के क्रियान्वयन में उत्तराखंड का नाम देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल होना एक अच्छा संकेत है।
मुख्य वक्ता उत्तराखंड मुक्त विवि के कुलपति प्रो. नागेश्वर राव ने अकादमिक श्रेष्ठता के लिए ज्ञान, कौशल व मूल्यों के एकीकरण की आवश्यकता बताई। प्रो. राव ने प्रदेशभर से आए प्राचार्यों को नैक ग्रेडिंग से विभिन्न पैमानों पर ऊपर उठाने का आह्वान किया।