केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में बढ़ी सुविधा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत हुए पुनर्निर्माण कार्यों से केदारनाथ यात्रा को नया आयाम मिला है। लगातार बढ़ती तीर्थयात्रियों की संख्या हर वर्ष नया रिकॉर्ड बना रही है। वर्ष 2013 में 16-17 जून के जलप्रलय में केदारपुरी पूरी तरह तबाह हो गई थी। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2017 में केदार धाम को संवारने का बीड़ा उठाया। उनके ड्रीम प्रोजेक्ट ने आज केदारपुरी की तस्वीर बदल दी है।
प्रोजेक्ट के प्रथम चरण में 225 करोड़ के कार्य पूर्ण हो चुके हैं। दूसरे चरण के कार्य प्रगति पर हैं। आज केदारनाथ धाम दिव्य और भव्य नजर आ रहा है। वहीं, मास्टर प्लान योजना से बदरीनाथ धाम आध्यात्मिक पर्वतीय शहर के रूप में विकसित हो रहा है। इसके अलावा मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पहले चरण में 16 मंदिरों को पर्यटन सुविधा के लिए विकसित किया जा रहा है। आदि कैलाश यात्रा को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है।
आने वाले समय में रोपवे से पहुंच सकेंगे केदारनाथ व हेमकुंड साहिब
पर्वत माला मिशन के तहत केदारनाथ धाम व हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए अदाणी समूह को रोपवे बनाने का काम सौंपा गया है। राज्य बनने के बाद केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा का संचालन होने से यात्रा आसान हुई थी। अब रोपवे से श्रद्धालु आसानी से बाबा केदार के दर्शन को पहुंच सकेंगे। इसके अलावा अन्य धार्मिक स्थलों को रोपवे से जोड़ने की योजना है।
वेडिंग डेस्टीनेशन से बनेगी पहचान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वेड इन इंडिया विजन को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार वेडिंग नीति तैयार कर रही है। आने वाले समय में उत्तराखंड वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में देश दुनिया में अपनी खास पहचान बनाएगा।
पर्यटक स्थलों पर बढ़ रहा दबाव, नए डेस्टीनेशन बनाने की योजना
राज्य में दूरस्थ क्षेत्रों से तक सड़क, हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से पर्यटक स्थलों पर दबाव बढ़ रहा है। इसके लिए सरकार धारण क्षमता का आकलन कर रही है। साथ ही नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने की योजना है। टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए 1200 करोड़ की योजना को मंजूरी मिली है।
ये भी पढ़ें...Dehradun: छठ महापर्व; डीजे-आतिशबाजी पर रोक, पुलिस ने भगदड़ की आशंका को देखते हुए जारी किया यातायात प्लान
पयर्टन उत्तराखंड की आर्थिकी का आधार है। पर्यटन व तीर्थाटन का लाभ सीधे तौर पर स्थानीय लोगों को मिलता है। इसलिए सरकार वर्षभर पर्यटन गतिविधियों को जारी रखने का प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरों से उत्तराखंड में तीर्थाटन-पर्यटन को बल मिला है। - पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री