उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. कृष्णकांत पॉल बृहस्पतिवार की शाम परिवार सहित हरकी पैड़ी पर गंगा आरती में शामिल हुए। इस दौरान वे घंटाध्वनि से अभिभूत होकर आरती गुनगुनाते रहे। उन्होंने दोनो हाथ उठाकर गंगा मैया का जयकारा भी लगाया।
राज्यपाल डॉ. कृष्णकांत पॉल पत्नी ओमिता पॉल, बहन, दो बेटों, पुत्रवधू और नाती-पोतों के साथ शाम को डामकोठी पंहुचे। यहां प्रभारी जिलाधिकारी रंजना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वीटी अग्रवाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
करीब 15 मिनट तक यहां से गंगा को निहारने के बाद उनका काफिला हरकी पैड़ी के लिए निकला। वहां पहुंचकर राज्यपाल ने मौजूद श्रद्धालुओं का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। मेयर मनोज गर्ग उनकी आगवानी की।
मंदिर से गंगा की पवित्रता और निर्मलता बनाए रखने और प्रदूषित न करने का संकल्प दिलाया गया तो राज्यपाल व उनकी पत्नी ने भी हाथ उठाकर संकल्प लिया। गंगा सभा की ओर से राज्यपाल को गंगांजल, प्रसाद और शाल भेंट की गई।
आरती के बाद उन्होंने आगंतुक पुस्तिका में लिखा कि गंगा आरती में शामिल होना उनका सौभाग्य है, गंगा का आशीर्वाद सदा उन पर बना रहे।