महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि उत्तराखंड सरकार, हरियाणा सरकार की तर्ज पर खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। यह बात उन्होंने स्टूडेंट्स ओलंपिक नेशनल गेम्स के दूसरे दिन के उद्घाटन अवसर पर कही।
स्टूडेंट्स ओलंपिक एसोसिएशन इंडिया की ओर से हरिद्वार प्रेमनगर आश्रम में चल रहे चौथे स्टूडेंट्स ओलंपिक नेशनल गेम्स के दूसरे दिन महिला सशक्तिकरण राज्य मंत्री रेखा आर्य मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची। राज्य मंत्री रेखा आर्य, हरिद्वार ग्रामीण विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने दीप प्रज्वलित कर दूसरे दिन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री आर्य ने कहा कि उत्तराखंड सरकार हरियाणा सरकार की तर्ज पर खिलाड़ियों के खेल को प्रोत्साहित करेंगी। अच्छा खेलने वाले खिलाडियों को सरकार सरकारी नौकरी देगी। खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं का विकास किया जाएगा। खिलाड़ियों का सपना ओपंलिक गेम्स में भारत को गोल्ड दिलाने का होना चाहिए।
राज्य मंत्री ने कहा कि खेल में हार जीत लगी रहती है, लेकिन जो हार जाए उसे अगले टूर्नामेंट के लिए तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही भारत चीन और जापान को खेलों में पछाड़ेगा। उन्होंने बेटी बचाओ और बेटो पढ़ाओ को लेकर भी खिलाड़ियों को संबोधित किया।
हरिद्वार में घट रही बेटियों की संख्या पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि हरिद्वार के महात्मा और संतों को इसपर विचार करना चाहिए। हरिद्वार आने वाले सभी लोगों को बेटी बचाओ को लेकर जागरुक कराना चाहिए। कहा कि भ्रूण हत्या ब्रह्म हत्या के बराबर होती है। कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में पहुंचे सरस्वती यज्ञमुनि ने पढ़ाई के साथ साथ खेल को भी जरूरी बताया।
स्टूडेंट्स ओलंपिक एसोसिएशन इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष और हरिद्वार ग्रामीण विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि बिना खेल के मनुष्य का शारीरिक विकास नहीं हो सकता है। इससे पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने राज्य मंत्री रेखा आर्य का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस मौके पर स्टूडेंट्स ओलंपिक एसोसिएशन इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. भगत सिंह, सचिव डॉ. प्रदीप भारद्वाज, उत्तराखंड के सचिव रमेश शास्त्री, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान, डॉ. अजय मलिक, अनिल शर्मा, मोहम्मद अली, संजय, दिव्यांशु आदि मौजूद रहे।