देहरादून। 36वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दूसरे दिन उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। रेशमा पटेल ने नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण जीता। सूरज पंवार ने देशभर के खिलाड़ियों को पछाड़कर स्वर्ण पदक कब्जाया। वहीं, अंकिता ध्यानी ने लगातार दूसरे दिन स्वर्ण पदक हासिल किया।
गुवाहाटी में चल रही प्रतियोगिता में रविवार को दूसरे दिन भी उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रेशमा पटेल ने बालिकाओं की पांच हजार मीटर रेस वॉकिंग में पहला स्थान हासिल किया। रेशमा ने कुल 23 मिनट 38 सेकंड समय निकालकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। सूरज पंवार ने 41 मिनट 17 सेकंड में 10 हजार मीटर रेस वॉकिंग पूरी कर स्वर्ण जीत लिया। बालिका अंडर-20 में अंकिता ध्यानी ने 4.19.31 मिनट में 1500 मीटर की दौड़ पूरी कर लगातार दूसरे दिन स्वर्ण पदक जीता। अंकिता ने शनिवार को भी पांच हजार मीटर बालिका अंडर-20 वर्ग का स्वर्ण पदक जीता था। राज्य एथलेटिक्स संघ के सचिव केजेएस कलसी ने बताया कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने दो दिन में चार स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिए हैं। प्रदेश के खिलाड़ी सभी प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। अभी प्रतियोगिता में प्रदेश के कुछ अन्य खिलाड़ी पदक जीत सकते हैं।