उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति के मामले में उत्तराखंड ने दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं राज्य की बिजली वितरण की कंपनी उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने देश की 41 में से 37 सरकारी कंपनियोें को पछाड़ते हुए चौथा स्थान हासिल किया है। शिमला में आयोजित ऊर्जा मंत्रियों के सम्मेलन में राज्य व यूपीसील को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि ऊर्जा मंत्रालय की ओर से निर्बाध बिजली देने, बेहतर उपभोक्ता सेवा, अनुशासन और बिजली से होने वाली हानियों के संबंध में निजी सर्वे एजेंसी केयर और जेसीआरए से सर्वे कराया गया था। रेंटिंग देने प्रसिद्ध इन एजेंसियों के सर्वे में जो निष्कर्ष सामने आए हैं। वे राज्य सरकार और यूपीसीएल अफसरों के लिए राहत देने वाले हैं। सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तराखंड ने गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति के मामले में दूसरा स्थान हासिल किया है।
वहीं यूपीसीएल ने भी बिजली आपूर्ति के मामले में परचम लहराया है। सर्वे के मुताबिक यूपीसीएल ने सर्वे में शामिल 41 निजी व सरकारी बिजली आपूर्ति कंपनियों में से चौथा स्थान हासिल किया है। यूपीसीएल अफसरों के मुताबिक पहले तीन स्थानों पर गुजरात की तीन पावर कंपनियां हैं। शिमला में मंगलवार को आयोजित ऊर्जा मंत्रियों के सम्मेलन में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने इस उपलब्धि के लिए सम्मानित भी किया है। ऊर्जा विभाग की ओर से सचिव ऊर्जा राधिका झा और यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक ने पुरस्कार ग्रहण किया है।
टॉप 10 बिजली कंपनियां
- उत्तर गुजरात बिजली कंपनी लिमिटेड
- दक्षिण गुजरात बिजली कंपनी लिमिटेड
- मध्य गुजरात बिजली कंपनी लिमिटेड
- उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड
- पश्चिम गुजरात बिजली कंपनी लिमिटेड
- ईस्टर्न पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ऑफ आंध्रप्रदेश
- बंगलूरू इलेक्ट्रिीसिटी सप्लाई कंपनी
- हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिीसिटी बोर्ड लिमिटेड
- साउथर्न पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ऑफ आंध्रप्रदेश
- उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड
उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति के मामले में पूरे देश में दूसरा स्थान पर आना गौरव की बात है। साथ ही यूपीसीएल ने पूरे देश में चौथा हासिल किया है। यह बड़ी उपलब्धि है। आने वाले समय में बिजली आपूर्ति को और अधिक बेहतर कर पहला स्थान हासिल करने का प्रयास किया जाएगा। यह अधिकारियों, कर्मचारियों के प्रयासों का परिणाम है।
- राधिका झा, सचिव ऊर्जा