लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा, यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें प्रवासी सम्मेलन में आने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि सबसे पहले मेरे लिए मातृभूमि उत्तराखंड है। यह देवभूमि प्रतिभाओं की धनी है।
अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने कहा, राज्य में क्षेत्रीय फिल्मों को बढ़ावा मिलना चाहिए। उत्तराखंड की लोक कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजन सेतु के रूप में कार्य करेंगे।
केंद्र सरकार में सचिव वाणिज्य सुनील बर्थवाल ने कहा, प्रवासियों को अपने गांव को गोद लेने वाला विचार सराहनीय है। राज्य के लिए वे हर संभव सहयोग देंगे और अपनी मातृभूमि के विकास के लिए भागीदार बनेंगे। सामूहिक खेती से उत्तराखंड में जैविक उत्पादों को बढ़ाया जा सकता है।
राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांश पंत ने कहा, प्रवासी उत्तराखंड़ियों को अपने माटी से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा सराहनीय पहल की गई है। राज्य में पर्यटन, ऊर्जा, वन संपदाओं, उद्योग के क्षेत्र में कार्य की अनेक संभावनाएं हैं। कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, किशोर उपाध्याय, सविता कपूर, विधायक एवं प्रवासी उत्तराखंडी सुरेन्द्र मैठाणी, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी आदि मौजूद रहे।