भाभा परमाणु केंद्र मुंबई के आवासीय परिसर में उत्तराखंड सामाजिक संस्था के बैनर तले उत्तराखंड महोत्सव की धूम रही। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या से राज्य से वैज्ञानिक, संरक्षण कार्य से जुड़े समाजसेवी पहुंचे।
इस अवसर पर ‘हिमालयी प्रदेशों के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में परमाणु ऊर्जा विभाग की प्रौद्योगिकी’ पर एक संगोष्ठी का भी आयोजन हुआ। भाभा परमाणु केंद्र के रेडियो केमिस्ट्री एंड आइसोटोप ग्रुप के डायरेक्टर डा. बीएस तोमर ने कहा कि संस्थान ने आइसोटोप तकनीक से उत्तराखंड में कई जलस्रोतों को पुनर्जीवित किया गया है। यह तकनीक बेहद कारगर है।
संस्थान आगे भी राज्य की मदद के लिए तैयार है। हेस्को के संस्थापक अनिल जोशी, यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. राजेंद्र डोभाल, आइसोटोप हाइड्रोलॉजी सेक्शन के डॉ. उदय कुमार सिन्हा ने भी विचार रखे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने उत्तराखंड संस्कृति से जुड़े नृत्य-संगीत के कार्यक्रमों को प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर उत्तराखंड सामाजिक संस्थाके अध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र तोमर, सचिव डॉ. विनोद असवाल, कोषाध्यक्ष चंद्र भूषण कोठारी उपाध्यक्ष डॉ. यतेंद्र भारद्वाज ने संस्कृति संरक्षण की बात कही। इस दौरान नीलम भारद्वाज, कांता कोठारी, रीना शर्मा, शांति रावल, ललिता असवाल, रुचि राणा, रचना तोमर आदि मौजूद थे।