मानसून की शुरुआत में ही उत्तराखंड में आपदा जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इससे सबसे ज्यादा पिथौरागढ़ जिला प्रभावित हुआ है। वहीं मसूरी में लंढौर रोड पर पुश्ता गिर गया, जिससे मार्ग बाधित हो गया है। वहीं 4 जुलाई को भारी बारिश के पूर्वानुमान के चलते डीएम ने चंपावत जिले की शिक्षण संस्थाओं को बंद रखने के आदेश दिए हैं।
मंगलवार मसूरी में लंढौर रोड पर पुश्ता गिर गया। जिस कारण नीचे मुख्य मार्ग पर नो पार्किंग में खड़े पर्यटकों के दो वाहन मलबे में दब गए। गनीमत रही कि उस समय वाहन में कोई नहीं था। पुश्ता गिरने से मार्ग बाधित हो गया है। इससे रोड के ऊपर स्थित सरकारी गेस्ट हाउस की बिल्डिंग खतरे की जद में आ गई है।
वहीं पिथौरागढ़ जिले में करीब 132 परिवारों ने अपना घर छोड़ दिया है। लोगों ने जीआईसी और पंचायत घर में शरण ली हुई है। सोमवार को देर रात पिथौरागढ़ में धारचूला के हिमखोला में नारायण आश्रम को जोड़ने वाला मोटर पुल और तीनतोला में मोटर मार्ग बह गया है। वहीं हिमखोला में तीन और सिमखोला में चार मकान बहने की सूचना भी है।