रेल बजट से दूनवासियों को काफी उम्मीदें हैं और इन उम्मीदों के पूरे होने की आशा भी। इसकी वजह उत्तराखंड से लोकसभा में पांच और राज्य सभा में एक सांसद केंद्र की सत्ताधारी पार्टी भाजपा से हैं। ऐसे में रेल मंत्री सुरेश प्रभु से लोगों की उम्मीदें लाजमी हैं।
इन उम्मीदों में लंबे समय से पेंडिंग योजनाओं पर उचित कार्रवाई। इसके अलावा लोगों को रेल मंत्री सुरेश प्रभु के पिटारे से देहरादून के लिए कुछ और गाड़ियां निकलने की उम्मीद है। इसमें दून से जाने वाली जनता एक्सप्रेस का पूर्वांचल में रूट बढ़ने, गोरखपुर एक्सप्रेस का संचालन रोजाना करने, कुमाऊं के लिए दून से अतिरिक्त ट्रेन बढ़ने की उम्मीद है। इसी तरह हल्द्वानी, लखनऊ, इलाहाबाद, कानपुर, दिल्ली, पंजाब और दक्षिण भारत की तरफ गाड़ियों का रूट बढ़ने की उम्मीद लगाए हैं।
दून स्टेशन के प्लेटफार्म की क्षमता बढ़े
दून स्टेशन का विस्तार न होने प्लेटफार्म की क्षमता अब भी कम हैं। इसके चलते दून तक 13 कोच से अधिक की ट्रेन सामान्यत: नहीं आ पाती। यात्रियों की संख्या अधिक होने के बावजूद कोच नहीं बढ़ाए जा सकते। उम्मीद है कि प्लेटफार्म की क्षमता बढ़ने की दिशा में रेल मंत्री के पिटारे से कुछ निकले।
रेलवे रूट विकासनगर वाया सहारनपुर
देहरादून से वाया विकासनगर सहारनपुर रेल लाइन का प्रस्ताव कई साल से अधूरा पड़ा है। शिलान्यास से आगे इस पर बात नहीं बढ़ पाई है। अभी दून से हरिद्वार लक्सर होते हुए लंबी दूरी तय कर सहारनपुर जाना पड़ता है। विकासनगर से दूरी घटेगी और किराया भी कम पड़ेगा।
हिमाचल से सीधी रेल से जुड़ने की उम्मीद
रेल के जरिए उत्तराखंड और हिमाचल को सीधा जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना पर भी काम कागजी खानापूर्ति से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। सामरिक महत्व के अलावा दोनों राज्यों में उद्यानिकी और कृषि आदि क्षेत्रों में व्यापार के लिहाज से भी यह महत्वपूर्ण है।
हरिद्वार-दून ट्रैक डबल होने की उम्मीद
रेल यात्रियों को उम्मीद है कि इस बार रेल मंत्री देहरादून से हरिद्वार रेल मार्ग को डबल लाइन करने की घोषणा भी कर देंगे। अभी सिंगल लाइन होने से हरिद्वार पहुंचने में दो घंटे से अधिक का वक्त लग जाता है।
दून-ऋषिकेश सीधी रेल लाइन पर भी उम्मीद
लोगों को उम्मीद है कि दून को सीधी रेल सेवा से तीर्थनगरी ऋषिकेश को जोड़ने के प्रस्ताव पर कुछ बात आगे बढ़ेगी। ताकि दून, सेलाकुई, मसूरी, विकासनगर के अलावा ऋषिकेश और उससे सटे क्षेत्रों के लोगों का सफर आसान हो सकेगा।