उत्तराखंड में पांचवी विधानसभा के लिए सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण रहा। फिलहाल प्राप्त हुई जानकारी के अनुसार राज्य की 70 विधानसभा सीटों पर 62.05 फीसदी वोट पड़े हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में 65.60 प्रतिशत मतदान हुआ था। शाम छह तक हुए मतदान के बाद आए आंकड़ों के अनुसार राजधानी देहरादून में 62.34 फीसदी मतदान हुआ।
प्रदेश में शाम पांच बजे तक 59.37 प्रतिशत वोटिंग हुई है। मतदान का समय खत्म हो चुका है। हालांकि बूथों के बाहर अभी भी लंबी लाइन लगी हुई है।
शाम पांच बजे तक देहरादून में 59.81 फीसदी मतदान हुआ है। मतदान में अभी एक घंटा और बाकी है। सबसे ज्यादा विकासनगर में 69 फीसदी से ज्यादा और सबसे कम राजपुर में 54 फीसदी से कुछ अधिक मतदान हुआ है। राजपुर के साथ रायपुर में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है। विधानसभा मसूरी में पांच बजे तक 59.09 प्रतिशत मतदान हुआ।
कंडीसौड़ टिहरी विधानसभा चुनाव में मतदान को लेकर बुजुर्गों में भी खासा उत्साह देखा गया। थौलधार ब्लाक के ग्राम भैंसकोटी की 102 वर्षीय बुजुर्ग महिला प्रेमावती सकलानी कंडी में बैठकर मतदान करने पहुंची। पैदल चलने में असमर्थ महिला को ग्रामीणों ने कंडी पर बिठाकर गांव से दो किमी दूर मतदान स्थल मैसारी तक पहुंचाया। बजुर्ग महिला के पुत्र परिपूर्णानंद सकलानी ने बताया कि उनके पास बैलेट मतपत्र की सुविधा भी थी, लेकिन उन्होंने मतदेय स्थल पर जाकर ही मतदान करने का निर्णय लिया।
कैनाल रोड स्थित बूथ पर डीजीपी अशोक कुमार और उनकी पत्नी अलकनंदा अशोक और बेटी कुहू ने मतदान किया। पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी की मां 88 वर्षीय घोटी रतूड़ी ने एमपीजी कालेज के मतदान केंद्र में मतदान किया।
दोहपर तीन बजे उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों पर कुल 49.24 प्रतिशत मतदान हुआ है। रुद्रप्रयाग जनपद में केदारनाथ विधानसभा में जग्गी-बगवान में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया है। यहां चिलौण्ड में अभी तक सिर्फ एक वोट पड़ा है।
देहरादून जिले में तीन बजे तक 48.89 प्रतिशत मतदान हुआ। जिले में अभी तक सबसे ज्यादा चकराता और सबसे कम कैंट विधानसभा में वोटिंग हुई है।
मुख्य सचिव डॉ. एस॰एस॰ संधु ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कांग्रेस प्रत्याशी अनुकीर्ति गुसाईं ने डेरियाखाल पोलिंग बूथ में मतदान किया। मतदान केंद्रों पर भी अब भीड़ बढ़ती जा रही है। लोग बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर मतदान करने के लिए पहुंच रहे हैं।
अल्मोड़ा जिले में दोपहर एक बजे तक 30.67 , उत्तरकाशी में 40.12, उधम सिंह नगर में 37.17, चमोली में 33.82, चंपावत में 34.66 टिहरी गढ़वाल में 32.59, देहरादून में 34.45, नैनीताल में 37.41, पिथौरागढ़ में 29.68, पौड़ी गढ़वाल में 31.59, बागेश्वर में 32.55, रुद्रप्रयाग में 34.82 और हरिद्वार जिले में 38.83 फ़ीसदी मतदान हुआ।
दोपहर एक बजे तक प्रदेश में 35.21 फीसदी मतदान हुआ है। अब राज्य में सबसे अधिक उत्तरकाशी में 40.12 फीसदी मतदान हुआ, जबकि पिथौरागढ़ में सबसे कम 29.68 फीसदी मतदान हुआ।
उत्तराखंड में दोपहर एक बजे तक 35.21 प्रतिशत मतदान हुआ है। विधानसभा मसूरी में एक बजे तक 34 प्रतिशत मतदान हुआ। रिटर्निंग ऑफिसर नरेश चंद्र दुर्गापाल ने मतदान प्रतिशत के बारे में जानकारी दी। उधर, जनपद उत्तरकाशी में दोपहर एक बजे तक 40.12 प्रतिशत और रुद्रप्रयाग जिले की दोनों विधानसभा में 35 फीसदी मतदान हुआ है।
दोपहर एक बजे तक देहरादून जिले में 34.94 मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा देहरादून के चकराता में 47 प्रतिशत और सबसे कम राजपुर में 30 प्रतिशत से भी कम मतदान हुआ है।
कृषि मंत्री और नरेंद्रनगर से भाजपा प्रत्याशी सुबोध उनियाल ने नरेंद्रनगर में और टिहरी से भाजपा प्रत्याशी किशोर उपाध्याय ने अपने बूथ पर मतदान किया। वहीं उत्तराखंड राज्यसभा सांसद व भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने पौड़ी जिले के अपने गाँव नकोट में मतदान किया। पलायन की वजह से पहले इस गाँव मे केवल 25 वोट रह गए थे, जो अब अनिल बलूनी की मुहीम अपना वोट अपने गाँव के चलते बढ़कर 96 वोट हो गए हैं।
प्रदेश में सुबह 11:00 बजे तक सबसे अधिक 22.41 प्रतिशत मतदान हरिद्वार जिले में हुआ है। जबकि सबसे कम पिथौरागढ़ जिले में 14.96 फीसदी मतदान हुआ। इसके अलावा अल्मोड़ा में 15.04, उत्तरकाशी में 16.79, ऊधम सिंह नगर में 20.54, चमोली में 17.58, चंपावत में 17.88, टिहरी गढ़वाल में 16.6, देहरादून में 18.80, नैनीताल में 20.63, पौड़ी गढ़वाल में 16.46, बागेश्वर में 16.60 और रुद्रप्रयाग जिले में 19.39 फ़ीसदी मतदान हुआ है।
गढ़वाल सांसद व पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत ने कल्जीखाल ब्लॉक के रमाडांग बूथ पर मतदान किया। वहीं देहरादून के सहसपुर विस सीट पर सुबह 11 बजे तक 20, चमोली में 18.28 और हरिद्वार में 23 प्रतिशत मतदान हुआ है।
अल्मोड़ा के खत्याड़ी बूथ पर फर्जी मतदान का आरोप लगाया गया है। डीएम ने कहा कि मामले की जांच कर रही है। वहीं डीडीहाट के अम्बेडकर वार्ड बूथ पर कैबिनेट मंत्री विशन सिंह चुफाल ने मतदान किया।
सुबह 11 बजे तक पौड़ी में 16.46, टिहरी में 17.2, रानीपोखरी सेक्टर में 19, बागेश्वर में 16.60, चंपावत जिले में 17.88 प्रतिशत मतदान हुआ है।
राजकीय इंटर कॉलेज सोमेश्वर में महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने मतदान किया। वहीं उच्च शिक्षा मंत्री व श्रीनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. धन सिंह रावत और उनकी पत्नी ने वोट डाला।
द्वाराहाट के मल्ली मिरई बूथ पर 11 बजे तक 800 में से 147 लोगों ने मतदान किया। वहीं मॉक पोल का वीडियो बनाने और वायरल करने पर सोमेश्वर में एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर की गई है। आरोपी का नाम दीपक बोरा बताया गया है।
कलियर विधानसभा क्षेत्र के दरियापुर स्थित गांव में बने मतदान केंद्र पर एक पार्टी समर्थित गमछा पहनने पर विवाद हाे गया। दूसरे पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई। पुलिस ने बीच में आकर मामला शांत कराया और गमछा पहनने वाले व्यक्ति को पोलिंग बूथ से बाहर भेजा। इसके बाद मामला शांत हुआ।
लोहाघाट में लोगों को रुपये बांटने के आरोप में भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोहित पाठक को पकड़ा गया है। उनके खिलाफ पंचेस्वर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया गया कि रविवार रात को किमतोली नाकोट तिराहे में वाहन में वह लोगों को रुपये बांट रहे थे। इस दौरान कई लिफाफों में एक हजार रुपये डाले हुए थे। पुलिस ने 2,02,620 रुपये बरामद किए और वाहन सीज कर दिया। आरोपी के खिलाफ धारा 171बी, 171सी में मुकदमा दर्ज किया है।
बाजपुर में भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार और उनकी पत्नी ने मतदान किया। सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए मतदान केंद्रों के बाहर गोले बनाए गए हैं।
सुबह नौ बजे तक चमोली जनपद में तीन प्रतिशत और चंपावत जिले में 3.25 प्रतिशत मतदान हुआ है। विधानसभा मसूरी में सुबह 9 बजे तक 5.95 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं धारचूला विस के नाचनी बूथ संख्या 58 में ईवीएम खराब हो गई। यहां डेढ़ घंटे की देरी से मतदान शुरू हुआ।
अल्मोड़ा की जागेश्वर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गोविंद सिंह कुंजवाल ने मतदान किया। बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी महेंद्र भट्ट ने पोखरी में परिवार सहित मतदान किया।
देहरादून जिले की रायपुर विधानसभा क्षेत्र के गढ़वाली कॉलोनी बूथ पर अभी मतदाताओं का ज्यादा रुख नहीं दिख रहा। मसूरी में बुजुर्ग मतदाताओं में मतदान को लेकर उत्साह दिख रहा है।
स्याल्दे के डुंगरी बूथ में विधायक प्रत्याशी महेश जीना ने मतदान किया। सल्ट विधानसभा के कैहडगाव बूथ ब्लॉक मुख्यालय से तीन किलोमीटर पैदल दूरी पर स्थित है। यहां सुबह नौ बजे तक 788 से केवल से 50 लोगों ने मतदान किया है। यहां सुबह नौ बजे केवल 6.3 प्रतिशत वोट पड़े हैं। भीमताल से निर्दलीय प्रत्याशी मनोज साह ने अपनी पत्नी के साथ मतदान किया है।
यमुनोत्रीधाम के निकटवर्ती बर्फ के बीच खरशाली मतदान केंद्र पर मतदान जारी है। यहां कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। वहीं देहरादून की डोईवाला विधानसभा में मतदान केंद्रों पर हाथों को सैनिटाइज करने के बाद मतदाताओं को कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं प्रतापनगर विधानसभा के मतदान केंद्र मंदार पश्चिमी भाग में ईवीएम में खराबी होने के कारण मतदान तय समय पर शुरू नहीं हो पाया। यहां मतदाता मतदान के लिए लाइन में लगे हैं।
अल्मोड़ा 52 विधानसभा के चौमो बूथ और जागेश्वर विधानसभा के कनरा बूथ में ईवीएम खराब हो गई है। टेक्नीशियन भेजे गए हैं। कंट्रोल रूम के अनुसार अल्मोड़ा जिले की छह विधानसभा के 911 बूथों में से 675 में मौक पोल व 322 में पोलिंग चल रही है। वहीं जनता इंटर कॉलेज रुद्रपुर में कांग्रेस प्रत्याशी मीना शर्मा व उनके पति अनिल शर्मा ने मतदान किया है।
मसूरी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी गणेश जोशी अपने परिवार के साथ मतदान के लिए पहुंचे। मतदान दिवस पर उत्तराखंड कलक्ट्रेट परिसर के गंगोत्री भवन में स्थापित निर्वाचन कंट्रोल रूम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बूथों की वेब-कास्टिंग संचालन का निरीक्षण किया। वहीं पंतनगर में भी तय समय पर शुरू हुआ मतदान जारी है। यहां युवाओं व महिलाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। सोमवार को राज्य के 82 लाख मतदाता नई लोकतंत्र के इस पर्व में अपना योगदान दे रहे हैं।
मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी हुई है। हल्द्वान के चोरगलिया, रूद्रपुर नगर निगम में बने पोलिंग बूथ और पिथौरागढ़ में समय से पहले ही मतदाता मतदान के लिए पहुंच गए।
नैनीताल जिले के चोरगलिया के मतदान केंद्रों में आधा घंटा पहले लगी लंबी कतारें लग गईं। यहां लोगों में मतदान के प्रति जागरुकता देखने को मिली।
- हर मतदाता को मिलेगा ग्लव्स
- हर मतदाता की होगी थर्मल स्कैनिंग
- पोलिंग पार्टियों को पीपीई किट
- तापमान अधिक आने पर अंत में मतदान
- मतदान के लिए मास्क अनिवार्य