उत्तराखंड को पूरी दुनिया की आध्यातमिक राजधानी के रूप में आप पार्टी विकसित करेगी। यह अरविंद केजरीवाल की गारंटी में शामिल है। ऐसा दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेस वार्ता में कहा। सिसोदिया ने कहा कि ऐसी गारंटी देने पर भाजपा व कांग्रेस पार्टी मजाक उड़ाती है। लेकिन ईमानदारी की राजनीति करने पर यह सब संभव है।
बृहस्पतिवार को काशीपुर बाईपास रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में मनीष सिसोदिया ने कहा कि प्रदेश के लोग आम आदमी पार्टी को भाजपा व कांग्रेस के विकल्प में देख रहे हैं। चारों तरफ कांग्रेस व बीजेपी की नाकामी की चर्चा है कि किस तरह 21 साल में कांग्रेस व बीजेपी सरकार ने राज्य को बर्बाद किया। कांग्रेस व बीजेपी के नेताओं के बैंक बैलेंस बढ़ते चले गए, लेकिन लोगों को कुछ नहीं मिला। अरविंद केजरीवाल की गारंटी में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति, पहाड़ों में महौल्ला क्लिनिक की सुविधा देना।
Uttarakhand Election 2022: महिला योद्धाओं का सियासी रण, पार्टियों में आधी आबादी की कितनी हिस्सेदारी, पढ़ें खास रिपोर्ट
आप पार्टी की सरकार में हर परिवार को 300 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी। ऐसा करने पर लोगों के बिजली के बिल जीरो हो जाएंगे। इसके साथ ही 18 वर्ष की महिलाओं को एक हजार रुपये भत्ता दिया जाएगा। युवाओं के लिए एक लाख नौकरियां दी जाएंगी, बेरोजगारों को प्रतिमाह पांच हजार रुपये भत्ता दिया जाएगा। वहां नंदलाल प्रसाद आदि थे। प्रेस वार्ता के बाद मनीष सिसोदिया ने गांव-गांव में जाकर डोर-टू-डोर कैंपेन किया।
60 हजार नौकरियां राज्य में खाली पड़ी हैं
सिसोदिया ने कहा कि प्रदेश के सैनिकों की स्किल्स बढ़ाकर राज्य को आगे बढ़ाया जाएगा। राज्य में 60 हजार नौकरियां खाली पड़ी हैं। बीजेपी सरकार ने खाली पड़े पदों को भरने की घोषणा करके सत्ता हासिल की। लेकिन उसमें उन्होंने कह दिया यह तो जुमला है। कहा कि पहाड़ के युवाओं को जब रोजगार मिलेगा, अच्छी शिक्षा मिलेगी तब जाकर पलायन रुकेगा। तब उत्तरप्रदेश समेत अन्य राज्यों के लोग यहां आकर नौकरियां करेंगे।
राज्य को चाहिए अच्छे अस्पताल और अच्छे स्कूल
सिसोदिया ने कहा कि पहाड़ों में अच्छे अस्पताल नहीं होने से महिलाओं को प्रसव के लिए नीचे लाना पड़ता है। ऐसे में कई बार महिलओं की मृत्यु हो जाती है। इस लिए आप पार्टी पहाड़ों में महौल्ला क्लिनिक खोल रही है। राज्य के लोगों को ईमानदार राजनीति चाहिए। कहा कि राज्य बनने के बाद नेताओं ने बैंक बैलेंस भर लिए। उनकी नामी संपत्ति से ही बेईमानी झलक जाती है।
मनीष सिसोदिया ने जगद्गुरु से लिया आशीर्वाद
मनीष सिसोदिया ने हरिद्वार में कनखल स्थित जगद्गुरु आश्रम पहुंचकर शारदा पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से आशीर्वाद लिया था। इस दौरान जगद्गुरु ने कहा कि अच्छी बात है कि सभी राजनीतिक दल उत्तराखंड को आध्यात्मिक राजधानी बनाने का प्रयत्न करें। जो भी इस दिशा में कार्य करेगा, उसके साथ आशीर्वाद बना रहेगा।
मनीष सिसोदिया बुधवार शाम कनखल स्थित श्री जगद्गुरु आश्रम पहुंचे। शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से आशीर्वाद लेकर उनका माल्यार्पण किया। उन्होंने स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से अपने अभियान हैपिनेस के बारे में चर्चा की। साथ ही विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चा की। पत्रकारों से बातचीत में मनीष मनीष सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ रही है।
आप के चुनाव मैदान में तीसरे स्थान पर होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर ही यह आकलन पहले नंबर पर पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के बारे में भी ऐसा ही आकलन किया जाता था। दिल्ली में तब आम आदमी पार्टी नई थी। उत्तराखंड की जनता आप को बहुत ज्यादा प्यार कर रही है। अरविंद केजरीवाल को मौका देकर देखना चाहती है।
उन्होंने कहा कि आप केे कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत की है। गांव-गांव में कार्यकर्ताओं ने काफी काम किया है। दिल्ली की तरह ही आप उत्तराखंड में भी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि आप 60 सीटों पर दूसरी पार्टियों को कड़ी टक्कर दे रही है। भाजपा और कांग्रेस का नाम लिए बिना कहा कि अन्य पार्टियों के बड़े नेता भी आप के संपर्क में हैं। आप में हर किसी का स्वागत है। इस दौरान आप के गंगा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुरेश तनेजा ने कनखल आश्रम पहुंचकर मनीष सिसोदिया और शंकराचार्य का अभिनंदन किया।