फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनाव 2022: सीएम की घोषणा, जसपुर में बनेगा खेल स्टेडियम, गढ़ीनेगी को नगरपंचायत का दर्जा

Tue, 30 Nov 2021 09:42 PM IST
अलका त्यागी संवाद न्यूज एजेंसी, जसपुर

सार

सीएम बनने के बाद मंगलवार को पहली बार जसपुर पहुंचे धामी ने करीब 16.50 करोड़ की लागत  वाले कार्यों का शिलान्यास किया।
विज्ञापन
सीएम पुष्कर सिंह धामी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जसपुर में खेल स्टेडियम बनाने के साथ ही गढ़ीनेगी को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की घोषणा की। कहा कि काशीपुर में नेपा की करीब एक हजार एकड़ भूमि पर सिडकुल की स्थापना की जाएगी। धामी ने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और निपटारे को कार्ययोजना के रूप में अपना रही है।

विज्ञापन


सीएम बनने के बाद मंगलवार को पहली बार जसपुर पहुंचे धामी ने करीब 16.50 करोड़ की लागत  वाले कार्यों का शिलान्यास किया। धामी ने अपनी बात किसानों के मुद्दे से शुरू की। कहा कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने के विजन को ध्यान में रखकर गन्ने के मूल्य में 28 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है।

भाड़े में भी किसानों को डेढ़ रुपया प्रति क्विंटल की राहत दी है। सितारंगज की चीनी मिल फिर से चालू करा दी गई है। कहा कि हरिद्वार जाने के लिए अब जसपुर से अफजलगढ़ और नजीबाबाद से सीधी सड़क निकलने वाली है। जिससे आपको एक घंटा कम समय लगेगा। इस सड़क योजना को भारत सरकार ने स्वीकृत कर दी है। प्रधानमंत्री जल्दी ही हमारे बीच में आएंगे और इस योजना का शिलान्यास करेंगे। 
विज्ञापन


सीएम ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जय जवान, जय किसान के साथ जय अनुसंधान का नारा दिया है। उत्तराखंड राज्य किसानों के हित में कई निर्णय ले रहा है। कहा कि जसपुर से वाया अफजलगढ़  नजीमाबाद सड़क की योजना को मंजूरी मिल चुकी है। चार दिसंबर को पीएम मोदी इसका शिलान्यास करेंगे। सरकार ने आशा, आंगनबाड़ी, उपनल कर्मियों, गोल्डन कार्ड धारकों समेत हर वर्ग के लिए लाभकारी योजनाएं चलाई है। महिला समूहों के लिए 129 करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। स्वस्थ उत्तराखंड के लिए नई खेल नीति लागू की गई है। 

सीएम धामी ने जसपुर को दी 16.50 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जसपुर को 16.50 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी। सीएम ने 15.89 करोड़ की लागत से नौ विकास कार्यों का शिलान्यास किया, जबकि 61.43 करोड़ की लागत से तीन कार्यों का लोकापर्ण किया। सीएम धामी ने 4.40 करोड़ से राजपुर ग्राम समूह पेयजल योजना, 4.45 करोड़ से नारायणपुर ग्राम समूह पेयजल योजना का शिलान्यास किया। 3.68 करोड़ की लागत से केसरी गणेशपुर और तालमपुर में ग्राम समूह पेयजल योजना की नींव रखी। उन्होंने 98.40 लाख की लागत से ग्राम टांडा प्रभापुर, गढ़ी हुसैन और कलियावाला में लिंक मार्गों का शिलान्यास किया। जसपुर के एससी बहुल मोहल्ला नत्था सिंह और बाबरखेड़ा के ग्राम श्यामनगर में तीस-तीस लाख की लागत से बारात घर शिलान्यास किया। महुआडाबरा स्थित नेहरु राइंका के लिए 1.75 करोड़ रुपये स्वीकृत किए। सीएम ने महुआडाबरा में 61.43 लाख की लागत से तैयार तीन योजनाओं का लोकार्पण भी किया।

विधायक ने रखीं सीएम के समक्ष 15 मांगें
विधायक आदेश चौहान ने अपने संबोधन में सीएम के समक्ष जसपुर में ट्रंचिग ग्राउंड, रोडवेज बस स्टैंड, स्टेडियम, तहसील भवन के निर्माण, राजकीय पॉलीटेक्निक, पेयजल के लिए फेज टू योजना लागू करने समेत 15 प्रमुख मांगे रखीं। वहीं पूर्व विधायक डा. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने कई मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपे। संचालन डा. सुदेश ने किया। 

विज्ञापन

बोलने का अवसर न देने से मंच पर बिफरे विधायक आदेश चौहान

पूर्व विधायक के बाद सीधे सीएम को संबोधन के लिए बुलाने पर विधायक आदेश चौहान बिफर पड़े। उन्होंने अपनी सीट से उठकर माइक थाम लिया। इसके बाद विधायक ने क्षेत्र की समस्याओं और मांगों को लेकर अपनी फेहरिस्त सीएम के सामने रखनी शुरू कर दी। कहा कि यह भाजपा का नहीं, बल्कि सरकारी कार्यक्रम है। विधायक होने के नाते वह कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हैं। कहा कि भाजपा सरकार के पौने पांच साल के कार्यकाल में पहली बार कोई सीएम जसपुर आया है इसलिए वह यहां की जनता की मांग हर हाल में रखेंगे। उनके संबोधन के बीच में सीएम धामी उठे और माइक पकड़ लिया। इस पर विधायक चौहान मुख्यमंत्री को सुने बिना ही कार्यक्रम बीच में छोड़ कर चले गए। मंच संचालक डॉ. सुदेश का कहना था कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम में करीब डेढ़ घंटे विलंब से पहुंचे थे। चार बजकर 10 मिनट पर उन्हें देहरादून लौटना था। इस कारण पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल के बाद सीधे सीएम को बुलाना पड़ा। 

सीएम ने एक-एक मांग को स्वीकृत कर गुटीय संतुलन को साधने का किया प्रयास 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी घोषणाओं के जरिये जसपुर में गुटीय संतुलन को साधने का प्रयास किया। जसपुर में स्टेडियम की घोषणा किए जाने की मांग पूर्व विधायक डा. शैलेंद्र मोहन सिंघल के ज्ञापन में प्रमुखता से थी। अपने संबोधन में डॉ. सिंघल ने इस मांग को प्रमुखता से उठाया। साथ ही उन्होंने तीरथनगर को राजस्व ग्राम घोषित करने की भी मांग रखी। सीएम धामी ने जसपुर में स्टेडियम की मांग को स्वीकार करते हुए इसके लिए भूमि चयन कराने की बात कही। कहा कि राजस्व गांव का दर्जा दिए जाने का विषय कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विनय रुहेला काफी समय से गढ़ीनेगी को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की पैरवी कर रहे थे। सीएम ने गढ़ीनेगी को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की घोषणा कर रुहेला का भी मान रखा। विधायक आदेश चौहान ने काशीपुर को जिला बनाने समेत तमाम मांगें प्रमखता से रखीं, लेकिन सीएम धामी ने उनकी किसी भी मांग पर कोई आश्वासन नहीं दिया। 

सरकारी कार्यक्रम की आड़ में भाजपा का प्रचार करने का आरोप 
विधायक आदेश चौहान ने सीएम के जसपुर कार्यक्रम को सरकारी धन की फिजूलखर्ची बताया। कहा कि जसपुर में प्रस्तावित सभी योजनाएं एक करोड़ रुपये से कम धनराशि की है। इतनी लागत की योजनाओं का शिलान्यास आमतौर पर क्षेत्रीय विधायक या मंत्री करते हैं, लेकिन भाजपा के पार्टी के प्रचार प्रसार के लिए इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन कर सरकारी धन की बर्बादी की है। सभा स्थल पर मंच को छोड़कर पूरे पंडाल में भाजपा के झंडे लगाए गए हैं। 

जनसभा स्थल पर बैनर लगाने के लिए आपस में भिड़े भाजपाई, पुलिस को करना पड़ा हस्तक्षेप 
जसपुर में सीएम की जनसभा स्थल पर बैनर लगाने को लेकर भाजपा में टिकट के दावेदार नेताओं और उनके समर्थकों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। दो गुटों के कार्यकर्ता बैनर लगाने को लेकर आमने-सामने आ गए। सूचना पर टीम के साथ पहुंचे कोतवाल जगदीश सिंह देउपा ने कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर स्थिति संभाली। पुलिस ने मंच बायीं ओर चार प्रमुख नेताओं के बैनर बराबर-बराबर साइज के लगवाए, तब जाकर विवाद निपटा।

भाजपा के नेताओं को दी गई भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी 
सीएम के जसपुर कार्यक्रम को देखते हुए पार्टी ने सभी गुटों के नेताओं को सभास्थल पर भीड़ जुटाने का दायित्व सौंपा। जनसभा की तैयारियों को देख रहे भाजपा के जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने दो दिन पूर्व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पूर्व विधायक डा. शैलेंद्र मोहन सिंघल, पार्टी प्रवक्ता विनय रुहेला, शीतल जोशी, मुकेश कुमार, ब्लाक प्रमुख जगतार सिंह भुल्लर और मनोज पाल आदि को लोगों को सभास्थल तक लाने की जिम्मेदारी दी गई। मंच पर जसपुर से टिकट के दावेदारों के अलावा काशीपुर से विधायक हरभजन सिंह चीमा समेत टिकट के चार प्रमुख दावेदार मेयर ऊषा चौधरी, राम मेहरोत्रा, आशीष गुप्ता और गुरविंदर चंडोक मौजूद रहे।

समर्थकों संग भाजपा में शामिल हुईं चेयरमैन गायत्री सिंह
जसपुर। नगर पंचायत महुआडाबरा की चेयरमैन गायत्री सिंह अपने समर्थकों के साथ सीएम की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गईं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। गायत्री सिंह ने नगरपंचायत चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर जीत दर्ज की थी।

सरकारी अस्पताल के संविदा कर्मियों ने की नवीनीकरण की मांग 
काशीपुर के सरकारी अस्पताल के संविदा कर्मियों ने नवीनीकरण की मांग को लेकर सीएम पुष्कर धामी को ज्ञापन सौंपा। सीएम को दिए ज्ञापन में संविदा पर तैनात रहे कर्मियों ने कहा कि वह पिछले 13 साल से काशीपुर के सरकारी अस्पताल में संविदा कर्मचारी के तौर पर सेवा दे रहे थे। वर्ष 2020-21 में भी अस्पताल प्रशासल ने उनके नवीनीकरण की सारी औपचारिकताएं पूर्ण करा ली थीं, लेकिन समय पूरा होने से पहले ही उन्हें बगैर नोटिस के हटा दिया गया। जबकि उन्होंने कोरोना काल में भी नियमित ड्यूटी की। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें