प्रदेश में बेरोजगारी का मुद्दा चरम पर है। भाजपा सरकार ने छह माह के भीतर 22 हजार भर्तियां करने की जो कवायद शुरू की है, उस हिसाब से अब आम आदमी पार्टी के सामने भी बेरोजगारी खत्म करने की योजना को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। रविवार को सीएम अरविंद केजरीवाल ने इस सवाल का जवाब दिया। सीएम केजरीवाल ने कहा कि हमारी पूरी टीम बेरोजगारी को लेकर अपना अध्ययन कर रही है।
इसके बाद एक पूरी रिपोर्ट और उस आधार पर विस्तारित कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब अगली बार उत्तराखंड आएंगे तो जनता के सामने साफतौर पर बेरोजगारी खत्म करने की आम आदमी पार्टी की मुहिम की जानकारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि उनका मकसद है कि प्रदेश का ज्यादा से ज्यादा युवा रोजगार से जुड़ा हो।
हम चोरी नहीं करते, जनता की मदद से आगे बढ़ते हैं
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के लिए दस-दस रुपये चंदा एकत्र करने के सवाल पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम चोरी नहीं करते। जनता की मदद से ही जनता के लिए आगे बढ़ते हैं। उत्तराखंड में भी इसी तरह से आगे बढ़ने वाले हैं।
दिल्ली में दे दिया तो यहां भी कर देंगे फ्री बिजली का इंतजाम
जब उनसे सवाल किया गया कि उत्तराखंड तो पहले से ही घाटे में चल रहा है तो उन्होंने कहा कि जब उन्होंने दिल्ली में कुर्सी संभाली थी तो वह भी घाटे में था। आज वह देश का अकेला ऐसा राज्य है जो कि प्रॉफिट में है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हमने 60 हजार करोड़ रुपये में से 2200 करोड़ रुपये खर्च कर फ्री बिजली दे दी, उसी तरह हम उत्तराखंड में भी 50 हजार करोड़ में से महज 1200 करोड़ खर्च कर मुफ्त बिजली देंगे।