उत्तराखंड में मोबाइल एप पर भी ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा मिलेगी। इस एप के जरिए किसी भी बीमारी से पीड़ित मरीज घर बैठे विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श ले सकते हैं। उत्तराखंड में 187 अस्पतालों में टेलीमेडिसिन सेवा शुरू की गई है। इस सेवा से चार सौ से अधिक डॉक्टर मरीजों को परामर्श देने के लिए जुड़े हैं।
प्रदेेश के दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा शुरू की गई है। अब यह सेवा मोबाइल एप पर भी उपलब्ध होगी। गूगल प्ले स्टोर से ई-संजीवनी एप को डाउनलोड कर सकते हैं।
बता दें कि कोरोना काल में प्रदेश के 1600 से अधिक मरीजों ने ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा का लाभ उठाया है। प्रदेश में 187 अस्पतालों को इस सेवा से जोड़ा गया है। सोमवार से शनिवार तक सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक मरीज टेलीमेडिसिन सेवा से विशेषज्ञ डॉक्टरों से किसी भी बीमारी के बारे में परामर्श ले सकते हैं।
प्रदेश में टेलीमेडिसिन सेवा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस सेवा से मरीजों को घर बैठे ही डॉक्टरों से परामर्श प्राप्त हो रहा है। उन्हें डॉक्टर की सलाह लेने के लिए अस्पताल आने की जरूरत नहीं है। प्रदेश के सभी अस्पतालों को टेलीमेडिसिन सेवा से जोड़ा जा रहा है।
-अमित सिंह नेगी, सचिव स्वास्थ्य