उत्तराखंड में राजकीय सेवा के अराजपत्रित, वर्कचार्ज और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के बाद अब शासन ने निगमों व स्वायत्त निकायों के कर्मचारियों को भी दिवाली के बोनस की सौगात दे दी है। इससे 4800 ग्रेड पे वाले करीब 30 हजार कर्मचारियों को बोनस मिलेगा। निगमों, सार्वजनिक व स्वायत्त निकायों में करीब 45 हजार कर्मचारी तैनात हैं।
सार्वजनिक उद्यम विभाग ने इस संबंध में बृहस्पतिवार को आदेश जारी कर दिए हैं। हमेशा की तरह इस बार भी आदेश में कहा गया है कि जो निगमों व स्वायत्त निकाय सक्षम हैं, वे अपने कर्मचारियों को बोनस का भुगतान कर दें।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्थापना दिवस पर राजकीय और निगम कर्मचारियों के दीपावली बोनस की घोषणा की थी। वित्त विभाग ने इस संबंध में अपने करीब डेढ़ लाख कर्मचारियों को बोनस जारी करने का आदेश कर दिया था।
इस आदेश के जारी होने के बाद उत्तराखंड निगम कर्मचारी अधिकारी संघ ने मुख्यमंत्री कार्यालय में निगम कर्मचारियों के बोनस का भी आदेश जारी करने का अनुरोध किया था। उनकी मांग थी कि शासन दीपावली से पहले बोनस का आदेश जारी कर दे।
बृहस्पतिवार को सचिव (औद्योगिक विकास) सचिन कुर्वे ने दीपावली बोनस की स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया। आदेश में कहा गया है कि निगमों, सार्वजनिक उपक्रमों, स्वायत्त निकायों में यदि बोनस दिया जाना है और संस्थाएं इसका खर्च खुद उठाने में सक्षम हैं तो वे वित्त विभाग के शासनादेश के आधार पर बोनस का भुगतान कर सकते हैं। निगम कर्मचारी अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गोसाईं ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का आभार व्यक्त किया है।