पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोबिंद सिंह कुंजवाल व अन्य कांग्रेसियों ने पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष स्व. डा. अनसूया प्रसाद मैखुरी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि डॉ. मैखुरी का लक्ष्य वर्ष 2020 तक भराड़ीसैंण को सुविधा संपन्न बनाना था ताकि राज्य की राजधानी का कार्य यहीं से संचालित हो। एपी मैखुरी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब राज्य के सभी राजनैतिक दल गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की दिशा में एकजुट हों। उन्होंने कहा कि पलायन रोकने के नाम पर गैरसैंण से ही पलायन न हो जाए।
हरीश रावत ने कहा कि कुछ लोग गैरसैंण में राजधानी बनने से पहले ही जमीनें हड़पने को तैयार हैं। कहीं ऐसा न हो कि पलायन रोकने के नाम पर गैरसैंण के स्थानीय लोगों का ही पलायन न हो जाए। इसके लिए गैरसैंण के लोगों को धैर्य रखना होगा और लगभग 20 वर्षों तक इसे बचा कर रखना होगा। उन्होंने गैरसैंण और कर्णप्रयाग के पार्टी पदाधिकारियों को क्षेत्र में साल में चार बार डॉ. एपी मैखुरी की स्मृति यात्राएं निकालने के निर्देश दिए।
पूर्व विधान सभा अध्यक्ष कुंजवाल ने कहा कि गैरसैंण राजधानी के लिए कार्य करने वाले व्यक्ति हरीश रावत ही हैं। इसके बाद दोनों नेताओं ने वीर चंद्रसिंह गढ़वाली की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान चमोली कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेंद्र रावत, केदारनाथ से विधायक मनोज रावत, पूर्व एमएलसी पृथ्वीपाल चौहान, कर्णप्रयाग ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सगोई, कमल रावत, गैरसैंण ब्लॉक अध्यक्ष के एस बिष्ट, अनीता नेगी, गोबिंदी देवी, हंसी देवी, मोहन पंत आदि मौजूद रहे।
जीते तो बनाएंगे स्थायी राजधानी
पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि वर्ष 2022 के चुनावों में जीते तो सार्वभौम महिला पौष्टिक योजना चलाएंगे और गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाएंगे। विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का कौन चेहरा होगा, इस पर उन्होंने कहा कि जो भी चेहरा आगे रखा जाएगा मैं भी उनके पीछे रहूंगा।
विधानसभा का मुख्य द्वार स्व. मैखुरी के नाम रखने की मांग
बुधवार को भराड़ीसैंण पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत ने विधानसभा के मुख्य द्वार को डॉ. अनसूया प्रसाद मैखुरी के नाम पर रखने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जब भी दुनियां यहां के विधानसभा भवन को देखेगी तो उन्हें डॉ. अनसूया प्रसाद मैखुरी याद आएंगे। भराड़ीसैंण में पूर्व सीएम हरीश रावत का भाषण सुनने के लिए गैरसैंण सहित चमोली जिले के विभिन्न कस्बों और गांवों से हजारों लोग भराड़ीसैंण पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में जो भव्य विधानसभा भवन बना है वह कांग्रेस सरकार की देन है। इन्होंने गैरसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बना दी, लेकिन अभी तक धरातल पर उसके अनुरूप कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है।
नंदप्रयाग व घाट के लोगों के समर्थन में गैरसैंण में किया उपवास
हरीश रावत ने बुधवार को गैरसैंण में नंदप्रयाग-घाट के लोगों के सड़क चौड़ीकरण के आंदोलन को समर्थन देते हुए एक घंटे का उपवास किया। कहा कि नंदप्रयाग-घाट मार्ग के चौड़ीकरण को मैंने स्वीकृति किया था। इसके लिए बजट का प्राविधान भी कर दिया था, लेकिन भाजपा सरकार में इस सड़क का चौड़ीकरण कार्य लंबित पड़ा है। कहा कि भाजपा पहाड़ में सड़कों के लिए अपने मन से मानक बना रही है। पहाड़ों में यदि मानक कठिन किए जाएंगे तो एक भी सड़क का चौड़ीकरण नहीं हो पाएगा।
पूर्व सीएम हरीश रावत को दिया ज्ञापन
कालेश्वर के पूर्व प्रधान हरीश चौहान, कांग्रेस सेवादल के प्रदेश प्रवक्ता संजय रावत और प्रदेश सचिव मुकेश नेगी ने इंटरमीडिएट उत्तीर्ण कन्याओं को नंदा गौराधन योजना की धनराशि देने की मांग की। उन्होंने मांग को लेकर पूर्व सीएम हरीश रावत को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना के अंतर्गत प्रत्येक जॉब कार्डधारक परिवार को 200 दिनों का रोजगार देकर 500 रुपये मजदूरी देने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीणों को आवास उपलब्ध कराने और चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों की चयन प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की मांग की।