मंगलवार को जब एसडीआरएफ के जवान देवीकुंड में बर्फ में दबे पांचों ट्रैकरों के शव निकाल रहे थे तो वहां जबरदस्त बर्फबारी हो रही थी। एसडीआरएफ की टीम ने हौसला बनाए रखा और पांचों शवों को निकाल लिया। डीएम विनीत कुमार ने एसडीआरएफ की टीम, गाइड और पोर्टरों की सराहना की है। इस मौके पर कपकोट में जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, विधायक बलवंत सिंह भौर्याल, एसपी अमित श्रीवास्तव, एसडीएम पारितोष वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।
बचाव अभियान में ये थे शामिल
एसडीआरएफ के दीपक पंत, हृदयेश परिहार, बिजेंद्र कुड़ियाल, दीपक नेगी, श्रीकांत नौटियाल, यशपाल, अभिषेक मंडोली, कैलाश परगाई, गाइड रोहित शाह, बाछम निवासी जय सिंह, गंगा सिंह, जातोली के निवासी भगवत सिंह, शेर सिंह।
डीएम ने लापता गाइड के परिजनों से की मुलाकात
डीएम विनीत कुमार ने मंगलवार को जैकुनी गांव जाकर लापता गाइड खिलाफ सिंह दानू के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि प्रशासन उन्हें ढूंढने का पूरा प्रयास कर रहा है। प्रशासन और सरकार दानू के परिवार की हरसंभव मदद करेगा। वहां पर खिलाफ सिंह के भाई आनंद सिंह, खिलाफ सिंह के तीनों बच्चे और अन्य परिजन थे।
पंखू टॉप में फंसे 20 लोगों को सुरक्षित निकाला
खातीगांव के पंखू टॉप में फंसे 20 लोगों और 600 बकरियों को पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित निकाल लिया है। ये लोग पिंडारी, सरमूल, कफनी, सुंदरढूंगा में फंसे थे। पुलिस के अनुसार इन लोगों को खोजने के लिए 24 अक्तूबर को पुलिस, फायर और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम बनाई गई थी। मंगलवार को इन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।